देश / ताजमहल में इवांका ने पूछा- क्या सच में काट दिये थे कारीगरों के हाथ, मिला यह जवाब

News18 : Feb 25, 2020, 12:39 PM
आगरा/ नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की बेटी इवांका ट्रंप (Ivanka Trump) और उनके दामाद जेरेड कुशनर ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित ताजमहल (Tajmahal) का दीदार किया। इस दौरान इवांका को गाइड कमलकांत ने ताजमहल के बारे में जानकारी दी। ताज का दीदार करते हुए इवांका ने गाइड से कई सवाल पूछे। उन्होंने पूछा कि क्या शाहजहां ने सच में ताजमहल बनाने वाले कारीगरों के हाथ काटने के आदेश दिये थे? इस पर उन्हें बताया गया कि नहीं यह झूठ है। शाहजहां ने कारीगरों के हाथ नहीं कटवाए थे बल्कि यह वादा लिया था कि वे अब काम नहीं करेंगे। इसके बदले उन्हें आजीवन सैलरी दी गई।

इवांका ने कमलकांत से पूछा कि मुमताज का देहांत कैसे हुआ था? इस पर उन्हें बताया गया कि उनकी मृत्यु 14वें बच्चे को जन्म देने की वजह से हुई थी। इस पर इवांका ने फिर से सवाल किया क्या सच में? कमल ने कहा - हां यह सच है। इवांका ने ट्वीट किया, ‘ताजमहल की भव्यता और सुंदरता विस्मयकारी है।’ इवांका ने अपने पति जेरेड कुशनर के संग डायना बेंच के पास तस्वीर खिंचवाई।

ट्रंप ने पूछे कई सवाल

इवांका की तरह ही उनके पिता डोनाल्ड ट्रंप और मां मेलानिया ट्रंप ने भी गाइड नितिन से कई सवाल किये। ट्रंप ने पूछा कि ताजमहल को किसने बनाया था। इस पर उन्हें बताया गया कि इसे मुगल शहंशाह शाहजहां ने बेगम मुमताज की याद में बनाया था। ताजमहल बनाने वाले कारीगरों के सवाल पर नितिन ने ट्रंप को बताया कि ये कारीगर देश भर से आए थे। वे संगमरमर की इमारतें बनाने में माहिर थे।

ट्रंप ने अपनी पत्नी मेलानिया के साथ पूरी दुनिया में प्रसिद्ध ‘डायना बेंच’ पर बैठकर यादगार तस्वीर खिंचवाई। यह पहली बार है कि जब किसी अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपनी पत्नी के साथ तस्वीर खिंचवाई। ट्रंप की बेटी इवांका ने अपने पति जेरेड कुशनर के संग डायना बेंच के पास तस्वीर खिंचवाई। ट्रंप अपने परिवार के साथ लगभग एक घंटे तक स्मारक में रहे।


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER