स्पोर्ट्स / कीवियों के खिलाफ अब तक कोई भी टी-20 सीरीज नहीं जीत पायी इंडिया, क्या कोहली बदलेंगे इतिहास?

AajTak : Jan 21, 2020, 11:05 AM
खेल डेस्क | वर्ल्ड क्रिकेट में सफलता के कई झंडे गाड़ने वाली भारतीय क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ 24 जनवरी से टी-20 सीरीज का आगाज करेगी। कीवियों की धरती पर टीम इंडिया टी-20 इंटरनेशनल सीरीज को जीतकर एक और नई इबारत लिखना चाहेगी।

न्यूजीलैंड में कीवियों के खिलाफ टीम इंडिया अब तक कोई भी टी-20 इंटरनेशनल सीरीज जीतने में कामयाब नहीं रही है, लेकिन टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया को वनडे सीरीज में 2-1 से हराकर न्यूजीलैंड दौरे पर जा रही है।

ऐसे में टीम इंडिया इस बार न्यूजीलैंड के खिलाफ इतिहास रचने के लिए फॉर्म में भी है। कप्तान विराट कोहली ने भी कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में जीत और पिछले साल न्यूजीलैंड में अच्छे प्रदर्शन से उनकी टीम इस दौरे को लेकर आत्मविश्वास से भरी है और उनका लक्ष्य कीवी टीम को पहली गेंद से ही दबाव में रखना होगा।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक न्यूजीलैंड में दो द्विपक्षीय टी-20 इंटरनेशनल सीरीज खेली गई हैं। इन दोनों ही टी-20 सीरीज में भारत को न्यूजीलैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा है।

न्यूजीलैंड में टीम इंडिया का रिकॉर्ड (टी-20 इंटरनेशनल सीरीज)

1। भारत बनाम न्यूजीलैंड - 2 मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज (2008-2009) - न्यूजीलैंड 2-0 से जीता

2। भारत बनाम न्यूजीलैंड - 3 मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज (2018-2019) - न्यूजीलैंड 2-1 से जीता

न्यूजीलैंड की धरती पर भारत को केवल एक ही टी-20 इंटरनेशनल मैच में जीत नसीब हुई है। जबकि बाकी के सभी चार मैचों में न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया को हराया है।

न्यूजीलैंड में टीम इंडिया का रिकॉर्ड (टी-20 इंटरनेशनल मैच)

1। भारत बनाम न्यूजीलैंड - 25 फरवरी 2009 - क्राइस्चर्च - न्यूजीलैंड 7 विकेट से जीता

2। भारत बनाम न्यूजीलैंड - 27 फरवरी 2009 - वेलिंगटन - न्यूजीलैंड 5 विकेट से जीता

3। भारत बनाम न्यूजीलैंड - 6 फरवरी 2019 - वेलिंगटन - न्यूजीलैंड 80 रनों से जीता

4। भारत बनाम न्यूजीलैंड - 8 फरवरी 2019 - ऑकलैंड - भारत 7 विकेट से जीता

5। भारत बनाम न्यूजीलैंड - 10 फरवरी 2019 - हेमिल्टन - न्यूजीलैंड 4 रन से जीता

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER