स्पोर्ट्स / भारत ने अपना पहला मैच जीता, द. अफ्रीका को 6 विकेट से हराया; रोहित का 23वां वनडे शतक

Dainik Bhaskar : Jun 05, 2019, 11:02 PM
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 227 रन बनाए

टीम इंडिया ने 47.3 ओवर में 4 विकेट पर 230 रन बनाकर मैच जीत लिया

भारत ने वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की। उसने साउथैम्पटन के रोज बाउल स्टेडियम पर खेले गए मैच में दक्षिण अफ्रीका को 6 विकेट से हराया। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीता और बल्लेबाजी का फैसला किया। उसने 50 ओवर में 9 विकेट पर 227 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने 47.3 ओवर में 4 विकेट पर 230 रन बनाकर मैच जीत लिया। भारत की ओर से रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा रन बनाए। वे 122 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 10 चौके और 2 छक्के की मदद से 128 गेंद पर अपना शतक पूरा किया। उनका यह 23वां वनडे इंटरनेशनल शतक है।

रोहित वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीयों में तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। सौरव गांगुली 22 शतक के साथ चौथे नंबर पर हैं। उनका वर्ल्ड कप में यह दूसरा शतक है। उन्होंने पहला शतक 2015 में बांग्लादेश के खिलाफ लगाया था। तब उन्होंने 137 रन की पारी खेली थी।


ऑस्ट्रेलिया के बराबर पहुंचा भारत

रोहित ने वर्ल्ड कप में भारत की ओर से 26वां शतक लगाया। यह वर्ल्ड कप का कुल 168वां शतक है। भारत टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पहुंच गया। उसने ऑस्ट्रेलिया के 26 शतक की बराबरी की।

भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शिखर धवन के रूप में उसका पहला विकेट छठे ओवर की पहली गेंद पर गिर गया था। धवन के बाद रोहित और विराट ने दूसरे विकेट के लिए 41 रन जोड़े। फेहलुकवायो ने दोनों की साझेदारी तोड़ी।

ऐसे गिरे टीम इंडिया के विकेट

धवन 8 रन ही बना पाए। कगिसो रबाडा की गेंद को कट करने की कोशिश में वे विकेट के पीछे क्विंटन डीकॉक के हाथों कैच आउट हुए। वे जब आउट हुए तब भारत के 5.1 ओवर में 13 रन थे।

विराट ने 34 गेंद पर 18 रन बनाए। विराट ने फेहलुकवायो की गेंद को कट करने की कोशिश की, लेकिन डीकॉक ने डाइव लगाते हुए उनका कैच पकड़ लिया। विराट के आउट होने के समय टीम इंडिया के 15.3 ओवर में 54 रन थे।

क्रिस मॉरिस दक्षिण अफ्रीका के टॉप स्कोर

दक्षिण अफ्रीका के लिए 8वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए क्रिस मॉरिस ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए। उनके अलावा क्विंटन डीकॉक ने 10, फाफ डुप्लेसिस ने 38, रसी वान डर डुसेन ने 22, डेविड मिलर ने 31, एंडिले फेहलुकवायो ने 34 और कगिसो रबाडा ने 31 रन बनाए। इस मैच में दोनों टीमें 2-2 स्पिनर्स के साथ उतरी हैं। कुलदीप यादव-युजवेंद्र चहल भारत, जबकि इमरान ताहिर-तबरेज शम्सी दक्षिण अफ्रीका की प्लेइंग-11 का हिस्सा हैं।

दक्षिण अफ्रीका ने शुरुआती 10 ओवर में सिर्फ 34 रन बनाए

भारत की ओर से युजवेंद्र चहल सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 51 रन देकर 4 विकेट लिए। वे वर्ल्ड कप के किसी मैच में 4 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले भारत के 17वें गेंदबाज हैं। जवागल श्रीनाथ, युवराज सिंह, आशीष नेहरा और उमेश यादव वर्ल्ड कप के किसी मैच में 2-2 बार 4 या उससे ज्यादा विकेट ले चुके हैं।

बुमराह-भुवनेश्वर ने 2-2 विकेट लिए

चहल के अलावा भुवनेश्वर कुमार ने 44 और जसप्रीत बुमराह ने 35 रन देकर 2-2 विकेट लिए। कुलदीप यादव 46 रन देकर 1 विकेट लेने में सफल रहे। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत खराब हुई। उसने ने पावर प्ले (शुरुआती 10 ओवर) में ही अपने दोनों ओपनर्स हाशिम अमला और क्विंटन डिकॉक के विकेट गंवा दिए थे। इस दौरान उसके 34 रन ही बने थे। दोनों को जसप्रीत बुमराह ने पवेलियन भेजा था।

चहल ने एक ही ओवर में डुसेन-डुप्लेसिस को पवेलियन भेजा

अमला और डीकॉक के आउट होने के बाद फाफ डुप्लेसिस और रसी वान डर डुसेन ने पारी संभाली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी की। टीम का स्कोर जब 78 रन था, तभी युजवेंद्र चहल ने अपने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर डुसेन और आखिरी गेंद पर डुप्लेसिस को पवेलियन की राह दिखाई। कुलदीप ने 23वें ओवर में जेपी डुमिनी को एलबीडब्ल्यू कर दिया। 

मॉरिस-रबाडा ने 8वें विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी की

डेविड मिलर और एंडिले फेहलुकवायो ने छठे विकेट के लिए 46 रन जोड़े। हालांकि, मिलर 36वें ओवर में चहल का शिकार बने। टीम के खाते में 23 रन और जुड़े थे कि फेहलुकवायो भी आउट हो गए। फेहलुकवायो के आउट होने के बाद क्रिस मॉरिस और कगिसो रबाडा ने 8वें विकेट के लिए 59 गेंद पर 66 रन जोड़े। मॉरिस जब अपने दूसरे वनडे अर्धशतक से 8 रन पीछे थे, तभी भुवनेश्वर ने उनको पवेलियन की राह दिखाई। भुवनेश्वर ने पारी की आखिरी गेंद पर इमरान ताहिर का विकेट लिया।

ऐसे गिरे दक्षिण अफ्रीका के विकेट

अमला 9 गेंद पर 6 रन बनारकर आउट हुए। बुमराह की गेंद पर रोहित शर्मा ने दूसरी स्लिप पर उनका कैच पकड़ा। अमला जब आउट हुए तब दक्षिण अफ्रीका के 3.2 ओवर में 11 रन थे।

डीकॉक ने 17 गेंद पर 10 रन बनाए। बुमराह की गेंद को कट करने की कोशिश में थर्ड स्लिप पर विराट कोहली ने उनका कैच पकड़ा। डीकॉक के आउट होने के समय दक्षिण अफ्रीका के 5.5 ओवर में 24 रन थे।

डुसेन ने 37 गेंद पर 22 रन बनाए। उन्होंने चहल की गेंद पर रिवर्स स्विप की कोशिश की। हालांकि, वे सफल नहीं हुए और गेंद लेग स्टम्प पर जा लगी। डुसेन जब आउट हुए तब टीम के 19.1 ओवर में 78 रन थे।

डुप्लेसिस 54 गेंद पर 38 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने चहल की गेंद को सीधा खेलने की कोशिश की। लेकिन गेंद बैट और पैड के बीच से होते हुए विकेट से जा टकराई। डुप्लेसिस के आउट होने के समय दक्षिण अफ्रीका के 20 ओवर में 80 रन थे।

डुमिनी ने 11 गेंदें खेलीं, लेकिन 3 रन ही बना पाए। कुलदीप की अपील पर अंपायर ने डुमिनी को एलबीडब्ल्यू आउट दे दिया। डुमिनी फैसले से अंसतुष्ट दिखे। उन्होंने रिव्यू लिया। हालांकि, थर्ड अंपायर ने मैदानी अंपायर के फैसले को सही ठहराया। डुमिनी जब पवेलियन लौटे तब दक्षिण अफ्रीका के 23 ओवर में 89 रन थे।

मिलर ने 40 गेंद पर 31 रन बनाए। उन्होंने 35वें ओवर की तीसरी गेंद पर शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन चहल ने फॉलोथ्रू में उनका कैच पकड़ लिया। मिलर के आउट होने के समय उनकी टीम का स्कोर 135 रन था।

एंडिले फेहलुकवायो 34 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वे चहल का चौथा शिकार बने। उन्होंने शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन चहल की गेंद उनके बल्ले का अंदरूनी किनारा लेते हुई विकेट के पीछे महेंद्र सिंह धोनी के हाथों में पहुंच गई। इस बीच फेहलुकवायो क्रीज से बाहर निकल चुके थे, ऐसे में धोनी ने उन्हें स्टम्प करने में कोई गलती नहीं की। फेहलुकवायो के आउट होने के समय दक्षिण अफ्रीका के खाते में 39.3 ओवर में 158 रन थे।

मॉरिस ने एक चौके और 2 छक्के की मदद से 34 गेंद पर 42 रन बनाए। भुवनेश्वर की गेंद पर लॉन्ग ऑफ पर विराट कोहली ने उनका कैच पकड़ा। वे जब आउट हुए तब दक्षिण अफ्रीका के 49.2 ओवर में 224 रन थे।

इमरान ताहिर बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। उनका विकेट भी भुवनेश्वर ने लिया। केदार जाधव ने शॉर्ट कवर ने उनका कैच पकड़ा। ताहिर के आउट होते ही दक्षिण अफ्रीकी पारी के 50 ओवर पूरे हो गए।

इंग्लैंड में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 20 साल से नहीं हारी टीम इंडिया

इंग्लैंड में दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ आखिरी जीत 15 मई 1999 को हासिल की थी। होव के मैदान पर हुए उस मुकाबले में उसने भारत को 16 रन से हराया था। उसके बाद हुए दोनों मैच टीम इंडिया ने जीते हैं। 2012 के बाद से भारत ने दक्षिण अफ्रीका को आईसीसी के 5 अलग-अलग इवेंट में हराया है। ये इवेंट हैं, 2012 और 2014 टी-20 वर्ल्ड कप, 2013 और 2017 चैम्पियंस ट्रॉफी और 2015 वर्ल्ड कप।

दोनों टीमें: 

भारत : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, लोकेश राहुल, महेंद्र सिंह धोनी, केदार जाधव, हार्दिक पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह।

दक्षिण अफ्रीका : फाफ डुप्लेसिस (कप्तान), क्विंटन डीकॉक, हाशिम अमला, रसी वान डर डुसेन, डेविड मिलर, जेपी डुमिनी, एंडिले फेहलुकवायो, क्रिस मॉरिस, कगिसो रबाडा, इमरान ताहिर, तबरेज शम्सी।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER