मनोरंजन / भारत ने 21 साल बाद जीता मिस यूनिवर्स का खिताब, चंडीगढ़ की हरनाज़ संधू चुनी गईं विजेता

Zoom News : Dec 13, 2021, 10:39 AM
मुंबई: 21 साल बाद मिस यूनिवर्स 2021 का ताज भारत के नाम सजा है। इजराइल के एलात में 70वीं मिस यूनिवर्स की प्रतियोगिता में भारत की हरनाज कौर संधू ने खिताब अपने नाम कर लिया। हरनाज संधू से पहले दो भारतीय मिस यूनिवर्स का खिताब जीत चुकी हैं। 1994 में पहली बार सुष्मिता सेन ने और दूसरी बार साल 2000 में लारा दत्ता ने यह खिताब जीता था। खास बात यह है कि जिस साल लारा दत्ता ने खिताब जीता था, उसी साल हरनाज संधू पैदा हुई थीं।

पराग्वे और दक्षिण अफ्रीका को छोड़ा पीछे

पंजाब की रहने वाली 21 वर्षीय संधू ने पराग्वे और दक्षिण अफ्रीका  प्रतियोगियों को पछाड़कर खिताब जीता। पराग्वे की नाडिया फेरीरा पहली रनर अप, जबकि दक्षिण अफ्रीका की लालेला मस्वाने दूसरी रनर अप रहीं। संधू को मैक्सिको की पूर्व मिस यूनिवर्स 2020 एंडिया मेजा ने ताज पहनाया।

मिस यूनिवर्स बनने वाली तीसरी भारतीय

हरनाज संधू से पहले यह खिताब केवल दो भारतीय ही अपने नाम कर सके हैं। साल 1994 में पहली बार सुष्मिता सेन मिस यूनिवर्स चुनी गई थीं। उनके बाद 2000 में लारा दत्ता मिस यूनिवर्स बनी थीं। हरनाज ने 17 साल की उम्र में ब्यूटी पेजेंट की तैयारी शुरू कर दी थी। इससे पहले उन्हें मिस डीवा 2021 का ताज मिला था।

फिल्मों में भी किया काम

हरनाज संधू अभी पब्लिक एडमिनस्ट्रेशन से मास्टर्स की पढ़ाई कर रही हैं। मॉडलिंग के अलावा उन्होंने पंजाबी फिल्म ‘यारा दियां पू बारां’ और ‘बाई जी कुट्टांगे’ में भी काम किया है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER