स्पोर्ट्स / भारत की द. अफ्रीका पर सबसे बड़ी जीत, एक पारी और 137 रन से हराया; घर में लगातार 11वीं सीरीज जीती

Dainik Bhaskar : Oct 13, 2019, 03:13 PM
खेल डेस्क |  भारत ने पुणे में खेले गए तीन टेस्ट की सीरीज के दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका को पारी और 137 रन से हरा दिया। इसी के साथ टीम इंडिया ने सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली। पारी के लिहाज से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यह सबसे बड़ी जीत है। भारत ने दक्षिण अफ्रीका को पिछली बार 2008 में पारी और 90 रन से हराया था। साथ ही टीम इंडिया की घरेलू मैदान पर ये लगातार 11वीं सीरीज जीत है। पिछली बार 2012 में इंग्लैंड ने हराया था।

मैच में भारत ने पहली पारी में 5 विकेट पर 601 रन बनाकर पारी घोषित की थी। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका पहली पारी में 275 पर ऑलआउट हुई। फॉलोऑन खेलते हुए दूसरी पारी में अफ्रीकी टीम 189 रन ही बना सकी। दोनों टीमों के बीच सीरीज का आखिरी मैच 19 अक्टूबर से रांची में होगा। पहला टेस्ट भारत 203 रन से जीता था।

अश्विन के 67 टेस्ट में 356 विकेट

रविचंद्रन अश्विन ने डीन एल्गर को 48 रन पर उमेश यादव के हाथों कैच आउट कराया। इसी के साथ उन्होंने सबसे ज्यादा विकेट के मामले में श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर चामिंडा वास और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी डेनिस लिली को पीछे छोड़ दिया। अश्विन ने अब तक 67 टेस्ट में 356 विकेट लिए हैं। अश्विन ने पहली पारी में चार और दूसरी पारी में अब तक दो विकेट लिए।

भारत ने पहली बार द. अफ्रीका को फॉलोऑन खिलाया

भारत ने दक्षिण अफ्रीका को पहली बार फॉलोऑन खिलाया है। साथ ही इंडिया 2008 के बाद अफ्रीकी टीम को फॉलोऑन खिलाने वाली पहली टीम भी बन गई है। आखिरी बार इंग्लैंड ने जुलाई 2008 में लॉर्ड्स टेस्ट में द. अफ्रीका को फॉलोऑन खिलाया था। यह मैच ड्रॉ रहा था।

अश्विन ने एल्गर को सबसे ज्यादा बार आउट किया

अश्विन अफ्रीकी टीम के ओपनर डीन एल्गर को सबसे ज्यादा बार आउट करने वाले गेंदबाज बन गए। उन्होंने एल्गर को 6 बार पवेलियन भेजा। अश्विन के बाद श्रीलंका के दिलरुवान परेरा, ऑस्ट्रेलिया के नाथन लियोन और इंग्लैंड के मोईन अली ने 5-5 बार एल्गर को आउट किया।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER