Hockey World Cup 2023 / वर्ल्ड कप में भारत का विजयी आगाज, स्पेन को 2-0 से हराया

Zoom News : Jan 13, 2023, 09:09 PM
Hockey World Cup 2023: भारतीय टीम ने हॉकी वर्ल्ड कप का आगाज जीत के साथ किया है। टूर्नामेंट के पहले दिन शुक्रवार को भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पेन को 2-0 से हराया। पूल डी के इस मैच में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही स्पेन पर दबाव बनाकर रखा। खासकर, भारतीय डिफेंडर्स ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसका नतीजा यह हुआ कि इस मुकाबले में स्पेन भारत के गोल पोस्ट को कभी भी भेद नहीं पाया। इस जीत ने भारतीय टीम को अपने पूल में इंग्लैंड के साथ टॉप पर पहुंचा दिया है। इंग्लैंड ने आज वर्ल्ड कप का पहला मैच खेलते हुए अपने पड़ोसी मुल्क वेल्स को 5-0 के बड़े अंतर से हराया था।

भारत को फर्स्ट क्वार्टर में मिली बढ़त

इस मुकाबले मे भारत के लिए पहला गोल पहले क्वार्टर में अमित रोहिदास ने किया। यह गोल पेनल्टी कॉर्नर की मदद से खेल के 12वें मिनट में दागा गया। इसके बाद, खेल के इस हिस्से में और कोई गोल नहीं हुआ। पहले क्वार्टर के बाद, कप्तान हरमनप्रीत सिंह की टीम 1-0 से आगे बनी रही।

भारत ने दूसरे क्वार्टर में बढ़त को किया दोगुना

पहले क्वार्टर की तरह दूसरे में भी शुरुआती 10 मिनटों तक खेल की रफ्तार थोड़ी धीमी नजर आई। इस रफ्तार को तेज किया हार्दिक सिंह ने। खेल के 26वें मिनट में उन्होंने क्लासिकल फील्ड गोल दागकर भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी।     

चौथा क्वार्टर : अभिषेक को यलो कार्ड, भारत ने दो पेनल्टी भी गंवाए

चौथे क्वार्टर की शुरुआत में अभिषेक को यलो कार्ड मिला। आखिर के 10 मिनट में भारत ने 2 पेनल्टी कॉर्नर गंवाए, लेकिन स्पेन की टीम गोल करने में नाकाम रही। स्पेन को 53वें और 57वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला।

तीसरा क्वार्टर : इंडिया ने गोल के 3 मौके गंवाए, पेनल्टी चूके कप्तान

हॉफ टाइम के बाद दोनों ही टीमों ने आक्रमण जारी रखा। तीसरे क्वार्टर के दूसरे और मैच के 32वें मिनट में भारत को पेनल्टी स्टोक मिला, लेकिन भारतीय कप्तान हरमनप्रीत इस मौके को भुना नहीं सके। स्पेनिश गोलकीपर रफी एड्रियन ने शानदार बचाव किया। अगले ही मिनट में रेन मार्क को यलो कार्ड मिला। 37वें और 43वें मिनट में भारत को दो पेनल्टी कॉर्नर भी मिले। लेकिन गोल नहीं आया। तीन क्वार्टर के बाद स्कोर लाइन 2-0 ही रही।

दूसरा क्वार्टर : हार्दिक के गोल से बढ़त दोगुनी, पेनल्टी चूका स्पेन

हाफ टाइम से पहले स्पेन की टीम ने बराबरी हासिल करने के खूब प्रयास किए, लेकिन भारत के डिफेंडर्स ने उसे विफल कर दिया। उसे 24वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के रूप में बराबरी का मौका मिला, लेकिन मेहमान टीम उसे भुना नहीं सकी। उसके तुरंत बाद 26वें मिनट में हार्दिक सिंह ने शानदार मैदानी गोल दागते हुए भारत की बढ़त 2-0 कर दी। हॉफ टाइम से ठीक पहले आकाशदीप को ग्रीन कार्ड मिला।

पहला क्वार्टर: अमित रोहिदास ने दिलाई 1-0 की बढ़त

पहले क्वार्टर के खेल में भारत ने 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। मैच के 12वें मिनट में मिले दूसरे पेनल्टी कॉर्नर पर अमित रोहिदास ने रिबाउंड गोल दागा। हालांकि, टीम ने पेनल्टी पर 2 दफा गोल करने के मौके भी गंवाए हैं। 12वें मिनट में कुनिल पेपे को ग्रीन कार्ड मिला।

देखें भारत और स्पेन की स्टार्टिंग-11

भारत : सुरेंद्र कुमार, मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, मंदीप सिंह, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), पीआर श्रीजेश, शमशेर सिंह, वरुण कुमार, आकाशदीप सिंह, अमित रोहिदास और सुखजीत सिंह।

स्पेन: एलेजांद्रो अलोंसो , जेवियर गिस्पर्ट, एनरिक गोंजालेज, अल्वारो इग्लेसियास, मार्क मिरालेस (कप्तान), जॉर्डी बोनास्त्रे, पेपे कनिल, जोआक्विन मेनिनि, एड्रिएन राफी, इग्नासियो रोड्रिगेज, बोर्जा लकाले।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER