iPhone 18 Pro Max लीक: खत्म होगा डायनामिक आइलैंड, मिलेंगे ये बड़े बदलाव

एप्पल के iPhone 18 Pro और Pro Max के लीक्स सामने आए हैं। इसमें अंडर-डिस्प्ले Face ID, डायनामिक आइलैंड का हटना, 2nm A20 Pro चिपसेट और 5100mAh की बड़ी बैटरी जैसे बड़े बदलावों का दावा किया गया है। यह सीरीज सितंबर 2026 में लॉन्च हो सकती है।

एपल के अगले फ्लैगशिप iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max लॉन्च से पहले ही चर्चा में आ गए हैं। नई लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी इस बार डिजाइन से लेकर कैमरा और बैटरी तक कई बड़े बदलाव कर सकती है। सबसे ज्यादा चर्चा स्क्रीन के नीचे मिलने वाले Face ID और नए कैमरा सिस्टम को लेकर हो रही है। इसके अलावा A20 Pro चिपसेट और बड़ी बैटरी भी यूजर्स को देखने को मिल सकती है। माना जा रहा है कि यह एपल के पिछले कुछ सालों में सबसे बड़े अपग्रेड्स में से एक हो सकता है।

डायनामिक आइलैंड का हटना और नया डिस्प्ले डिजाइन

रिपोर्ट्स के मुताबिक, iPhone 18 Pro Max और iPhone 18 Pro में एपल पहली बार Face ID सेंसर को स्क्रीन के नीचे दे सकती है। अगर ऐसा होता है तो मौजूदा Dynamic Island डिजाइन हट सकता है। कंपनी छोटे पंच होल सेल्फी कैमरा की टेस्टिंग कर रही है, जो डिस्प्ले के ऊपर बाईं तरफ देखने को मिल सकता है। इससे वीडियो देखने, गेमिंग और ब्राउजिंग के दौरान ज्यादा क्लीन फुल स्क्रीन एक्सपीरियंस मिलेगा। हालांकि फोन का ओवरऑल डिजाइन iPhone 17 Pro सीरीज जैसा ही रह सकता है, लेकिन फ्रंट डिजाइन में बदलाव इसे पूरी तरह नया लुक दे सकता है।

कैमरा सिस्टम में मैकेनिकल आइरिस और नए सेंसर

एपल इस बार कैमरा सिस्टम में भी बड़ा बदलाव कर सकती है। लीक रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी कम से कम एक रियर कैमरा में मैकेनिकल आइरिस सिस्टम दे सकती है। इसकी मदद से कैमरा लाइट कंट्रोल बेहतर तरीके से कर पाएगा, जिससे लो लाइट फोटोग्राफी और पोर्ट्रेट शॉट्स ज्यादा नैचुरल दिख सकते हैं। इसके अलावा सैमसंग के नए थ्री लेयर स्टैक्ड इमेज सेंसर का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। इससे फोटो में नॉइस कम होगा और डायनामिक रेंज बेहतर मिलेगी। मेन और टेलीफोटो कैमरा में बड़े अपर्चर मिलने की भी उम्मीद है, जिससे वीडियो रिकॉर्डिंग और फोटोग्राफी एक्सपीरियंस और बेहतर हो सकता है।

A20 Pro चिपसेट और दमदार बैटरी बैकअप

लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई Pro सीरीज में एपल का अगला A20 Pro चिपसेट दिया जा सकता है, जो TSMC के 2nm प्रोसेस पर आधारित होगा। कहा जा रहा है कि इसमें RAM को CPU और GPU के ज्यादा करीब रखा जाएगा, जिससे स्पीड और पावर एफिशिएंसी बेहतर होगी। रिपोर्ट्स के अनुसार नई चिप पिछले मॉडल के मुकाबले करीब 15 प्रतिशत ज्यादा परफॉर्मेंस और 30 प्रतिशत बेहतर पावर एफिशिएंसी दे सकती है। वहीं iPhone 18 Pro Max में 5100mAh तक की बड़ी बैटरी मिलने की उम्मीद है। हालांकि इसके चलते फोन थोड़ा मोटा और भारी हो सकता है, लेकिन लंबी बैटरी लाइफ चाहने वाले यूजर्स के लिए यह बड़ा अपग्रेड माना जा रहा है।

एपल हर साल की तरह इस बार भी सितंबर 2026 में नई iPhone 18 Pro सीरीज लॉन्च कर सकती है। फिलहाल कंपनी की तरफ से आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन लीक रिपोर्ट्स में इसी टाइमलाइन का दावा किया गया है। कीमत की बात करें तो अभी बड़े प्राइस हाइक के संकेत नहीं मिले हैं। iPhone 17 Pro की भारत में शुरुआती कीमत 1,34,900 रुपये और iPhone 17 Pro Max की कीमत 1,49,900 रुपये है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि नई सीरीज भी लगभग इसी प्राइस रेंज में लॉन्च हो सकती है। हालांकि अंतिम कीमत प्रोडक्शन कॉस्ट और बाजार की स्थिति पर निर्भर करेगी।