IPL Controversy / प्रीति जिंटा ने टीम के मालिक पर ही लगाया छेड़छाड़ का आरोप, टूट गया था 4 साल पुराना रिश्ता

Jansatta : Jul 25, 2020, 09:20 PM
IPL Controversy: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 13वें सीजन का आयोजन यूएई में होगा। इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी गई। आईपीएल में हर साल नए रिकॉर्ड बने हैं, रनों के साथ-साथ ही पैसों की भी बारिश हुई है। यह टूर्नामेंट विवादों से भी अछूता नहीं रहा है। किंग्स इलेवन पंजाब के दो मालिक नेस वाडिया और प्रीति जिंटा के बीच लव और धोखे की कहानी कोर्ट तक पहुंच गई थी। प्रीति ने 2014 में वाडिया के खिलाफ छेड़छाड़, धमकी देने और बदसलूकी का आरोप लगाया था। उस समय आईपीएल से जुड़ा यह सबसे बड़ा विवाद बन गया था।

प्रीति और नेस वाडिया की लव स्टोरी 2005 में शुरू हुई थी। वाडिया ने बिजनेस में प्रीति का साथ दिया। दोनों ने 2008 में मिलकर किंग्स इलेवन पंजाब की टीम खरीदी थी। इसके अगले ही साल दोनों का रिश्ता खत्म हुआ। ऐसा माना जाता है कि प्रीति और नेस शादी करने वाले थे, लेकिन एक शर्त के कारण ऐसा नहीं हो सका था। नेस ने प्रीति के सामने शर्त रखी थी कि वो शादी के बाद फिल्मी दुनिया को अलविदा कह देंगी, लेकिन वो नहीं मानी। फिर दोनों ने ब्रेकअप कर दिया। इसके बाद भी प्रीति और नेस ने बिजनेस के रिश्ते को कायम रखा।

13 जून 2014 को प्रीति ने नेस वाडिया के खिलाफ छेड़छाड़, धमकी और दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने नेस वाडिया (फरवरी 2018 में) के खिलाफ वास्तविक चार्जशीट दायर करने के लिए चार साल लगा दिए। पुलिस द्वारा नेस वाडिया के खिलाफ 200 पेज की चार्जशीट फाइल की गई थी। प्रीति जिंटा के साथ छेड़छाड़ की यह घटना इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच के दौरान 30 मई 2014 को वानखेड़े स्टेडियम में हुई थी। इस चार्जशीट में धारा 354 के तहत वाडिया के खिलाफ दायर किया गया था। साथ ही धारा 506 और 509 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

बॉम्बे हाईकोर्ट ने 2018 में मामले को रद्द कर दिया। प्रीति जिंटा ने भी अपनी शिकायत वापस ले ली थी। उन्होंने कहा कि वो ऐसा व्यक्तिगत दुश्मनी निकालने के लिए कर रही थीं। चार साल तक यह केस चला और फिर सुलझ गया। प्रीति ने 2016 में अमेरिकी बिजनेसमैन जीन गुडइनफ से शादी की। प्रीति जिंटा और जीन गुडइनफ की शादी लॉस एंजेलिस में कुछ रिश्तेदारों और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में हुई थी। गुडइनफ प्रीति से 10 साल छोटे हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER