Rajasthan University: राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर छात्र नेताओं ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जयपुर में शुक्रवार को राजस्थान यूनिवर्सिटी में छात्रों ने सरकार की सद्बुद्धि के लिए यज्ञ किया। इसके बाद प्रदर्शनकारी छात्रों ने कुलपति सचिवालय पर ताला लगाकर जेएलएन रोड पर धरना शुरू कर दिया। पुलिस टीम ने हल्का बल प्रयोग कर छात्रों को खदेड़ा। इस पूरी कार्रवाई में 6 से ज्यादा छात्रों को चोटें आई है, जबकि 5 छात्रों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
राजस्थान यूनिवर्सिटी के छात्र नेता महेश चौधरी ने कहा कि पिछले लंबे समय से प्रदेशभर के स्टूडेंट छात्र संघ चुनाव का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सरकार चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं कर रही है। इसको लेकर स्टूडेंट शांतिप्रिय तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने बेवजह लाठीचार्ज कर छात्रों को पीटा, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने जल्द छात्र संघ चुनाव की तारीख का ऐलान नहीं किया तो राजस्थान की युवा शक्ति बड़ा आंदोलन करेगी, जिसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी।
छात्र नेता राहुल चौधरी ने कहा कि हम पिछले 2 साल से कॉलेजों में चुनाव की तैयारी में जुटे हुए थे। अब जब चुनाव का वक्त आया है तो सरकार ने खुद का सियासी फायदा देख छात्र संघ चुनाव नहीं करने का फैसला ले लिया। इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आज हम लोगों ने जेएलएन मार्ग जाम किया है। अगर सरकार ने समय रहते हमारी मांग को पूरा नहीं किया तो आगे इससे भी बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। हम न पुलिस के डंडों से डरेंगे और न ही जेल जाने से डरेंगे। आखिरी सांस तक छात्र शक्ति के लिए संघर्ष करते रहेंगे।
