Lockdown 4.0 / सोशल डिस्टेंसिंग से मनाई जा रही ईद, रोजेदारों ने घर में नमाज पढ़ी, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

Dainik Bhaskar : May 25, 2020, 01:46 PM
भोपाल | मध्य प्रदेश में ईद लॉकडाउन के बीच सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मनाई जा रही है। काजियों की अपील के बाद रोजेदारों ने सुबह 6 से 7 बजे के बीच ईद की नमाज घरों में अदा की। ईदगाहों और मस्जिदों में 4 से 5 लोगों ने परंपरा निभाई। नमाज के बाद कोरोना महामारी से बचाने और देश में अमन-भाईचारे के लिए दुआ मांगी गई। इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। 

लोग लॉकडाउन का उल्लंघन नहीं करें, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। लाउडस्पीकर के जरिए घरों में रहने और परिवार के साथ ईद मनाने अपील की गई। प्रदेश में कहीं से भी लॉकडाउन के उल्लंघन का मामला सामने नहीं आया। 

41 नए केस मिले, भोपाल में 14 डिस्चार्ज

प्रदेश में सोमवार सुबह 41 नए कोरोना संक्रमित मिले। इनमें ग्वालियर-चंबल संभाग में 18, बुरहानपुर में 10, सागर में 7, उमरिया में 3, नीमच में 2, शहडोल में एक केस मिला। इधर, भोपाल के चिरायु अस्पताल से 14 कोरोना मरीज स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किए गए।

इंदौर में आज दिल्ली-मुंबई-अहमदाबाद के लिए 12 फ्लाइट्स

लॉकडाउन फेज-4 के बीच 62 दिन बाद सोमवार से घरेलू उड़ानें शुरू हो गईं। इंदौर एयरपोर्ट भी तैयार है। कोरोना संक्रमण के बाद नई व्यवस्थाओं के साथ फ्लाइट्स का संचालन होगा। पहले दिन यानी सोमवार को दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद के लिए 12 फ्लाइट्स आएंगी-जाएंगी। एयरपोर्ट डायरेक्टर अर्यमा सान्याल के अनुसार तय शेड्यूल के मुताबिक सोमवार से 28 फ्लाइट्स की आवाजाही हाेनी थी, लेकिन ऐन वक्त पर कुछ एयरलाइंस ने उड़ानें रद्द कर दीं। फिलहाल, इंदौर एयरपोर्ट से इंडिगो और ट्रू एयर के विमान उड़ान भरेंगे।

सुविधा: ई-टिकट को ही ई-पास माना जाएगा

ट्रेन और हवाई जहाज से आने-जाने वाले यात्रियों को ई-पास की जरूरत नहीं होगी। उनके ई-टिकट को ही ई-पास के रूप में मान्य किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने रविवार को इसके आदेश जारी कर दिए। इसमें कहा गया है कि केंद्र ने 25 मई से हवाई यातायात और 1 जून से ट्रेन चलाने की अनुमति दी है। लोगों को मात्र ई-टिकट से यात्रा की अनुमति है, जिसमें आवेदक की सारी जानकारी दर्ज होगी।

कोरोना अपडेट्स...

इंदौर: यहां भाजपा से जुड़े एबीवीपी के एक पूर्व पदाधिकारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। उन्होंने पिछले दिनों जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सोनकर, नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे समेत कई नेताओं से मुलाकात थी। सीएचएल अस्पताल के एक डॉक्टर, उनकी पत्नी और बच्चे की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। रेलवे थाने में एक एएसआई और एक सिपाही भी संक्रमित हुआ है।

ग्वालियर-चंबल: अंचल में रविवार को 18 केस पॉजिटिव मिले। इनमें ग्वालियर में 9, मुरैना में 7 और भिंड-शिवपुरी में एक-एक संक्रमित शामिल है। 3 संक्रमितों में 6 साल से कम उम्र के बच्चे भी हैं। उधर, ग्वालियर का घोसीपुरा इलाका हॉटस्पॉट बन चुका है। यहां पिछले 9 दिन में एक ही परिवार में 7 पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। ग्वालियर चंबल में वर्तमान में 168 एक्टिव केस हैं। अब तक 259 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें 80 स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं और दो की मौत हो चुकी है। दोनों मरने वाले ग्वालियर के डबरा निवासी थे।

बुरहानपुर: शहर में सोमवार को 10 नए कोरोना पॉजिटिव मिले। हॉटस्पॉट रास्तीपुरा में फिर 3 मरीज मिले। जिले में अब संक्रमितों की संख्या 289 हो गई। इनमें से 128 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। कुल 13 की मौत भी हुई है। 148 एक्टिव केस हैं।

सागर: जिले में 7 नए कोरोना संक्रमित मिले। अब यहां 87 केस हो गए। नए केस में 4 युवक स्थानीय सदर क्षेत्र के रहने वाले हैं। यह इलाका कोरोना का हॉटस्पॉट है। इसके अलावा 3 व्यक्ति मालथौन, बहेरिया और संत रविदास वार्ड के हैं।

नीमच: जिले में 2 नए संक्रमित मिले। यहां अब 92 केस हो गए। दोनों संक्रमित उपखण्ड मुख्यालय जावद के कंटेनटमेंट एरिया के रहने वाले हैं। जिले में कुल 47 मरीज रिकवर होकर घर लौट चुके हैं। 4 की जान गई है।

उमरिया: आज 3 कोरोना पॉजिटिव मिले। अब संक्रमित की संख्या 5 हो गई। नए केस में 2 मानपुर और एक पाली तहसील का है।

शहडोल: यहां गोहपारू क्षेत्र के अकला गांव में एक संक्रमित मिला। यह व्यक्ति पहले से ही क्वारैंटाइन था। यह व्यक्ति अलीराजपुर के एक कोरोना मरीज के संपर्क में आया था।

भोपाल: चिरायु अस्पताल से 14 मरीज के ठीक होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया। यह सभी मरीज भोपाल के ही रहने वाले हैं। यहां अब तक 798 लोग ठीक हो गए हैं।

कुल संक्रमित 6665: 

इंदौर 3008, भोपाल 1241, उज्जैन 553, बुरहानपुर 271, खंडवा 222, जबलपुर 209, खरगौन 117, धार 111, ग्वालियर 98, नीमच 88, मंदसौर 87, देवास 80, मुरैना 71, सागर 68, रायसेन 67, भिंड 48, बड़वानी 39, होशंगाबाद 37, रतलाम 31, रीवा 26, विदिशा 18, बैतूल 17, आगर मालवा 13, सतना 13, झाबुआ 12, अशोकनगर 10, डिंडोरी 9, शाजापुर 9, दमोह 8, सीधी 8, सिंगरौली 7, दतिया 6, श्योपुर 6, शिवपुरी 6, टीकमगढ़ 6, छतरपुर 5, छिंदवाड़ा 5, सीहोर 5, शहडोल 5, अलीराजपुर 3, अनूपपुर 3, बालाघाट 3, हरदा 3, पन्ना 3, गुना 2, राजगढ़ 2, सिवनी 2, उमरिया 2, मंडला 1 और नरसिंहपुर में 1 मरीज।

290 की मौत: इंदौर 114, भोपाल 45, उज्जैन 53, बुरहानपुर 13, खंडवा 11, जबलपुर 9, खरगौन 8, धार 3, ग्वालियर 1, नीमच 3, मंदसौर 6, देवास 8, सागर 3, रायसेन 3, होशंगाबाद 3, आगर मालवा 1, सतना 1, झाबुआ 1, अशोकनगर 1, शाजापुर 1, सीहोर 1 और छिंदवाड़ा में एक मरीज की मौत हो चुकी है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER