मुंबई / महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: पीएम मोदी से चर्चा के बाद आज जारी होगी भाजपा उम्मीदवारों की पहली सूची

AMAR UJALA : Sep 29, 2019, 07:04 AM
Maharashtra assembly elections | महाराष्ट्र में सत्ताधारी भाजपा रविवार को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है। राज्य में 21 अक्तूबर को मतदान होगा। सूत्रों के मुताबिक, राज्य के भाजपा नेता उम्मीदवारों की सूची को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से चर्चा करने के बाद निर्णायक रूप देंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार शाम अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र के सफल दौरे से भारत लौट आए हैं। सूत्रों के मुताबिक, सूची पर पीएम मोदी से चर्चा करने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस और राज्य भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल रविवार सुबह दिल्ली रवाना होंगे। चुनाव आयोग ने नामांकन करने की आखिरी तारीख चार अक्तूबर रखी है।

उत्तरी महाराष्ट्र में भाजपा ने कांग्रेस-एनसीपी की बढ़ाई मुश्किलें

विधानसभा चुनाव में भाजपा की नजरें उत्तरी महाराष्ट्र की 47 सीटों पर है, जो कभी कांग्रेस का गढ़ हुआ करती थीं। उत्तरी महाराष्ट्र के अहमदनगर, धुले, जलगांव, नंदूरबार और नासिक जिले में कांग्रेस कमजोर हुई है तो भाजपा अपनी पैठ बनाने में कामयाब रही है। चुनाव नजदीक आने के साथ ही भाजपा इन जिलों में अपने प्रसार में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। लिहाजा कांग्रेस-एनसीपी के कई नेताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया है, जिससे दोनों विपक्षी दलों के लिए वहां दिक्कतें बढ़ गई हैं।  

आदिवासी बहुल इलाके नंदूरबार और धुले में पारंपरिक रूप से कांग्रेस और एनसीपी मजबूत है। कांग्रेस के इस गढ़ में पहली बार दरार तब आई जब भाजपा ने एनसीपी के दिग्गज नेता विजय कुमार गावित की बेटी हिना गावित को पार्टी में शामिल किया। अब चर्चा है कि कांग्रेस के दिग्गज नेता अमरीश पटेल भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा कई और नेताओं के पाला बदलने की अटकलें हैं।

वहीं, नासिक में कांग्रेस के पास दो विधायक थे, जिनमें से निर्मला गावित शिवसेना में शामिल हो चुकी हैं। वहीं अहमदनगर में अकोला से एनसीपी विधायक वैभव पिचड़ और शिरडी से कांग्रेस विधायक राधाकृष्ण विखे पाटिल दोनों भाजपा का दामन थाम चुके हैं। उत्तरी महाराष्ट्र में भाजपा की संभावनाओं पर बात करते हुए भाजपा नेता एकनाथ खड़से ने कहा कि आने वाले चुनाव में भाजपा इस क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन करेगी क्योंकि उसने अपना यहां काफी प्रसार किया है।

पांच जिलों में 47 सीटें

उत्तरी महाराष्ट्र के इन पांच जिलों में 288 विधानसभा सीटों में 47 सीटें आती हैं। नंदूरबार में जहां चार विधानसभा सीटें है, वहीं धुले में पांच, जलगांव में 11, नासिक में 15 और अहमदनगर में 12 सीटें हैं।

14 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुक चुका है। इसी क्रम में 14 निर्दलीय उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो चुकी है और इसकी अंतिम तारीख चार अक्तूबर है। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच पांच अक्तूबर तक पूरी कर ली जाएगी। राज्य में नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख सात अक्तूबर है। महाराष्ट्र की प्रमुख राजनीतिक पार्टियों भाजपा, शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी ने अब तक अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।

मनसे 125 सीटों पर लडे़गी महाराष्ट्र चुनाव

लोकसभा चुनाव से दूर रही राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने राज्य में विधानसभा चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। पार्टी 125 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। मनसे महासचिव संदीप देशपांडे ने यह बात कही है। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में भाजपा-शिवसेना और कांग्रेस-एनसीपी मिलकर लडेगी तो उनके कई नेताओं को टिकट नहीं मिल सकेंगे। मनसे उन्हें टिकट का विकल्प उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि मुंबई, ठाणे और नासिक में उनकी पार्टी चुनौती पेश कर सकती है। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER