COVID-19 Update / महासंकट में महाराष्ट्र, सिर्फ 19 देशों में यहां से ज्यादा केस, दुनिया से तुलना

News18 : May 26, 2020, 09:15 AM
नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस (Coronavirus) के संक्रमण की रफ्तार कम नहीं हो रही है। खासकर महाराष्ट्र में यह बेकाबू बना हुआ है। एक अकेले इस राज्य में ही 50 हजार लोग इस खतरनाक वायरस से संक्रमित हैं। इनमें से भी 30 हजार तो मुंबई में ही हैं। महाराष्ट्र (Maharashtra) और मुंबई (Mumbai) की यह स्थिति कई देशों से ज्यादा खतरनाक है। दुनिया में सिर्फ 19 देश ही हैं, जहां महाराष्ट्र से अधिक कोरोना पॉजिटिव हैं।

भारत सरकार (Indian Government) के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक सोमवार तक देश में 1।38 लाख लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके थे। इनमें से 50,231 लोग महाराष्ट्र के हैं। देश में अब तक 4021 लोगों की जान कोविड-19 (Covid-19) की वजह से गई है। इनमें से 1635 लोग तो अकेले महाराष्ट्र से थे। यानी, महाराष्ट्र में देश के 36% कोरोना पॉजिटिव लोग हैं। इसी तरह देश में कोरोना से जितनी मौतें हुई हैं, उनमें से 40% तो महराष्ट्र के ही हैं।

भारत (India) के अन्य राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र के बाद से अधिक मामले तमिलनाडु (Tamil Nadu) और गुजरात (Gujarat) में हैं। तमिलनाडु में 16 हजार और गुजरात में 14 हजार से अधिक लोग इस वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। इनके बाद दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश का नंबर आता है।

देश होता तो 20वें नंबर पर होता महाराष्ट्र

दुनिया में अब तक 19 देशों में 50 हजार से अधिक कोविड-19 के केस सामने आ चुके हैं। यानी, अगर महाराष्ट्र देश होता, तो वह देशों की लिस्ट में 20वें नंबर पर होता। वैसे, भारत इस लिस्ट में 10वें नंबर पर है।

पाकिस्तान की बराबरी कर सकता है महाराष्ट्र

Worldometers वेबसाइट के मुताबिक पाकिस्तान में अब तक 56,350 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 1167 लोगों की मौत हो चुकी है। पाकिस्तान कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित देशों की सूची में 19वें नंबर पर है। महाराष्ट्र में 50,231 संक्रमितों में से 1635 लोगों की जान गई है।


मुंबई देश होता तो 30वें नंबर पर होता

मुंबई में अब तक 30 हजार से अधिक कोरोना पॉजिटिव सामने आ चुके हैं। दुनिया में सिर्फ 29 देश ही ऐसे हैं, जहां मुंबई से अधिक कोविड-19 के केस आए हैं। यानी, अगर मुंबई देश होता, तो वह कोरोना प्रभावित देशों की लिस्ट में 30वें नंबर पर होता।

 अमेरिका में एक लाख मौतें

दुनिया की बात करें तो अब तक 55 लाख लोग कोविड-19 से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 3।48 लाख लोगों की मौत हो चुकी है। कोविड-19 के सबसे अधिक केस अमेरिका (America) में हैं। यहां करीब 17 लाख लोग इस वायरस से पीड़ित हो चुके हैं। इनमें से एक लाख लोगों की मौत हो चुकी है।


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER