दुनिया / मालदीव में सरेराह मंत्री पर हमला, कुरान की आयतें पढ़ मारा चाकू

Zoom News : Aug 23, 2022, 10:46 PM
मालदीव की राजधानी माले की सड़क पर कट्टरपंथी सोच का एक नमूना देखने को मिला। यहां के मंत्री पर ही एक शख्स ने सरेराह हमला कर दिया। हालांकि किसी तरफ वह जान बचाकर भाग निकले। इसके बाद भी हमलावर चाकू लेकर चिल्लाता रहा। घटना सोमवार दोपहर की है। मालदीव के पर्यावरण राज्य मंत्री अली सोलिह अपनी स्कूटी पर जा रहे थे।

कुरान की आयतें पढ़ने के बाद किया हमला

इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि वह हुलहुमले में अपनी स्कूटी पर जा रहे थे तभी हमलावर ने आगे आकर उन्हें रोक लिया। उसके बाद उसने कुरान की कुछ आयतें पढ़ीं और चाकू से सीधे गर्दन पर वार किया। सोलिह ने इसका विरोध किया और हाथ पकड़ने की कोशिश की। दो तीन बार की कोशिश के बाद भी चाकू गर्दन पर नहीं लगा। हालांकि मंत्री के हाथ पर गंभीर चोट आई है।

इसके बाद वह जान बचाकर वहां से भाग गए। स्कूटी उन्होंने वहीं पर छोड़ दी। हमलावर को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। बता दें कि सोलिह की पार्टी जुम्हूरी पार्टी का मालदीव की डेमोक्रेटिक पार्टी के साथ गठबंधन है। वह राष्ट्रपति इब्राहिम की सरकार में मंत्री हैं। 

राष्ट्रपति पर भी हो चुका है हमला

सोलिह का इलाज हुलहुमले के एक अस्पताल में चल रहा है। बता दें कि मई 2021 में मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद पर भी हमला हुआ था। उनके आवास के बाहर ही बम ब्लास्ट किया गया था। नशीद की कार के पास ही खड़ी एक बाइक में बम लगाया गया था। इस हमले में घायल होने के बाद नशीद को एयरलिफ्ट करके जर्मनी ले जाया गया था। 

कट्टरपंथ की चुनौती झेल रहा मालदीव

मालदीव इन दिनों इस्लामिक कट्टरपंथ की चुनौती झेल रहा है। यहां आतंकी संगठन ऐक्टिव हैं और बड़ी संख्या में भर्तियां भी कर रहे हैं। राष्ट्रपति सोलिह और स्पीकर नशीद की सरकार अपनी उदारवादी सोच के लिए जानी जाती है। वहीं सरकार ने कट्टरपंथ के खिलाफ लड़ाई भी छेड़ रखी है। ऐसे में कई जगहों पर आतंकी घटनाएं होती रहती हैं। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER