गुरुग्राम / मनचलों ने की 12वीं क्लास की लड़की के साथ छेड़छाड़, विरोध किया तो कर दिया हमला

Zoom News : Dec 28, 2020, 04:14 PM
हरियाणा के गुरुग्राम में 12 वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक लड़की से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छेड़छाड़ का विरोध करने पर हमलावरों ने लड़की के चेहरे पर धारदार हथियार से हमला किया। यह घटना रविवार शाम की बताई जा रही है। इस घटना से लोगों में गुस्से का माहौल है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

पीड़िता के अनुसार, वह अपने घर से कुछ सामान लेने के लिए बाहर गई थी और जब वह घर लौट रही थी। तभी रास्ते में दो अज्ञात बदमाशों ने उसके साथ अश्लील हरकत की। पीड़िता की बहन ने बताया कि छेड़छाड़ करने वाले दो लोग उसके घर पहुँचे थे और बार-बार उनके हाथ जबरदस्ती खींच रहे थे। जब इस बात का विरोध किया गया तो बदमाशों ने उसके चेहरे पर धारदार हथियार से हमला कर उसे जख्मी कर दिया।

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने लड़की को अकेला पाकर छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

हरियाणा सरकार ने घटनाओं से निपटने के लिए एंटी रोमियो स्क्वॉड की तर्ज पर 'ऑपरेशन दुर्गा' शुरू किया। लेकिन इसका असर नहीं दिख रहा है। बताया जा रहा है कि गुरुग्राम में 1 जनवरी 2020 से 28 दिसंबर तक विभिन्न थानों में 220 से अधिक महिलाओं से छेड़छाड़ के मामले दर्ज किए गए और यह संख्या लगातार बढ़ रही है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER