मेरठ तुषार त्यागी हत्याकांड: पिता ही निकला कातिल, 10 लाख रुपये की सुपारी के शक में बेटे को मारी गोली

मेरठ पुलिस ने 24 घंटे में तुषार त्यागी हत्याकांड का खुलासा करते हुए उसके पिता सुंदर त्यागी को गिरफ्तार किया है। पिता ने 10 लाख रुपये की सुपारी के शक में बेटे की हत्या की।

मेरठ में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाले तुषार त्यागी हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतक के पिता सुंदर त्यागी को ही हत्या का मुख्य आरोपी पाया है और उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि एक पिता ने ही अपने बेटे के खून से हाथ रंगे हैं। सुंदर त्यागी के साथ उसके साथी अमित उर्फ वेदवान को भी पुलिस ने दबोच लिया है। पूछताछ के दौरान सुंदर त्यागी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसने ही अपने बेटे की जान ली है। इस मामले में अरविंद त्यागी उर्फ बिट्टू की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है।

आधी रात को मिली थी हत्या की सूचना

इस वारदात की शुरुआत सोमवार देर रात करीब 12 बजे हुई, जब डायल-112 पर पुलिस को सूचना मिली कि खरखौदा थाना क्षेत्र के पांची अंडरपास के पास एक स्कॉर्पियो गाड़ी में एक युवक को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और गाड़ी के अंदर से तुषार त्यागी का शव बरामद किया और घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें। मृतक की पत्नी शिखा की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

सीसीटीवी और सर्विलांस से खुला राज

एसएसपी मेरठ के निर्देश पर इस केस को सुलझाने के लिए थाना खरखौदा पुलिस और स्वाट टीम ग्रामीण समेत तीन विशेष टीमों का गठन किया गया था और पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद ली। जांच में पता चला कि घटना वाले दिन मुख्य आरोपी सुंदर त्यागी देहरादून से कंकरखेड़ा पहुंचा था। वहां से वह अपने साथी अमित उर्फ वेदवान के साथ दोयमी-कैली क्षेत्र की ओर गया था। पुलिस को जांच के दौरान यह भी पता चला कि अमित ने कैली धीरखेड़ा स्थित एक ठेके से बीयर की कैन खरीदी थी, जिसका सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लगा।

स्कॉर्पियो और थार का साथ दिखना बना अहम सुराग

पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की, तो पाया कि मृतक तुषार त्यागी की स्कॉर्पियो और आरोपियों की थार गाड़ी एक साथ जाती दिखाई दी थी। इससे पुलिस का शक सुंदर त्यागी पर और गहरा हो गया। पूछताछ में यह बात साफ हो गई कि घटना के समय सुंदर त्यागी अपने बेटे तुषार की स्कॉर्पियो में ही बैठा था और इसी दौरान उसने तुषार को गोली मार दी और हत्या करने के बाद शव को स्कॉर्पियो में ही छोड़कर पांची अंडरपास के पास से अपने साथियों के साथ थार गाड़ी में बैठकर फरार हो गया।

10 लाख रुपये की सुपारी का शक और रंजिश

हत्या की वजह के बारे में खुलासा करते हुए सुंदर त्यागी ने बताया कि उसे शक था कि उसका बेटा तुषार उसकी हत्या करवाने की साजिश रच रहा है। सुंदर के मुताबिक, उसे जानकारी मिली थी कि तुषार ने उसकी हत्या के लिए 10 लाख रुपये की सुपारी दे दी है। इसके अलावा, सुंदर ने यह भी आरोप लगाया कि तुषार अक्सर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करता था। इसी डर और पारिवारिक कलह के कारण सुंदर त्यागी ने अपने ही बेटे की हत्या की साजिश रची।

हिस्ट्रीशीटर रहा है आरोपी पिता

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सुंदर त्यागी थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के गांव दोयमी का निवासी है और वह एक पूर्व हिस्ट्रीशीटर रह चुका है। उसके खिलाफ पहले से ही हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सुंदर के साथ उसके साथी अमित उर्फ वेदवान को भी गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, इस मामले में एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस हत्याकांड का पूरी तरह से अनावरण कर लिया गया है।