Delhi Weather / 11 साल में 7 बार देरी से आया मॉनसून, जानें इस बार क्या है उम्मीद, कब गर्मी से मिलेगी राहत

Zoom News : Jun 14, 2022, 08:02 AM
Delhi: राजधानी दिल्ली में बीते 11 सालों में 7 बार मानसून देर से पहुंचा है। पिछले साल तो संभावित तारीख से 16 दिन की देरी से मॉनसून ने दस्तक दी थी। हालांकि, इस बार मॉनसून समय से पहुंचने के अनुमान जताया गया है। इस बार भी मॉनसूनी हवाओं ने पहले तो तेजी से प्रगति की लेकिन, बाद में हवाएं थोड़ा कमजोर हो गईं। इस समय भी पश्चिमी तटों पर तो मॉनसून पहुंच गया है। मौसम निगरानी संस्था स्काईमेट के मौसम विज्ञानी महेश पालावत बताते हैं कि पूर्वी तट पर कोई निम्न दबाव का क्षेत्र नहीं बनने से मॉनसून की प्रगति थोड़ी अपेक्षानुरूप नहीं हुई है। लेकिन, अगले तीन-चार दिन में तेलंगाना, आंध्रप्रदेश और ओडिशा में मॉनसून का प्रभाव देखने को मिलेगा। 

बूंदाबांदी और तेज हवाओं से पारा गिरने के आसार

दिल्ली के लोगों को अब भीषण गर्मियों से राहत मिलने के आसार दिख रहे हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले छह दिनों के दौरान बीच-बीच में बूंदाबांदी, बादल और तेज हवा जैसी मौसमी गतिविधियां होंगी। इनके चलते अगले छह दिनों में सात डिग्री तक पारा गिरने के आसार हैं। दिल्ली के लोग इस समय मौसम की सबसे भीषण गर्मियां झेल रहे हैं। सोमवार को दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो कि सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है। जबकि, न्यूनतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यह भी सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है।

बीते 11 सालों में दिल्ली में कब आया मानसून

2011- 26 जून

2012- 07 जुलाई

2013- 16 जून

2014- 03 जुलाई

2015- 25 जून

2016- 02 जुलाई

2017- 02 जुलाई

2018 - 28 जून

2019- 05 जुलाई

2020- 25 जून

2021- 13 जुलाई


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER