मुंबई / न्यूयार्क मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट की पहली भारतीय ट्रस्टी बनीं नीता अंबानी

AMAR UJALA : Nov 13, 2019, 04:47 PM
रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी को 150 साल पुराने मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट में ट्रस्टी चुना गया है। ऐसा सम्मान पाने वाली पहली वह भारतीय महिला हैं। म्यूजियम के चेयरमैन डेनियल ब्रॉडस्की ने नीता अंबानी के बोर्ड में शामिल होने की घोषणा करते हुए कहा, 'भारतीय कला एवं संस्कृति को संरक्षित करने और प्रोत्साहित करने की नीता अंबानी की प्रतिबद्धता वास्तव में असाधारण है। उनके बोर्ड में शामिल होने से म्यूजियम की क्षमताओं में इजाफा होगा।'

150 साल पुराना है म्यूजियम

न्यूयॉर्क में स्थित यह म्यूजियम 150 साल पुराना है, जहां पर 5000 साल पुरानी कलाकृतियों को संरक्षित करके रखा गया है। पूरे विश्व से लाखों की संख्या में लोग इस म्यूजियम को देखने जाते हैं। इस अवसर पर बोलते हुए नीता अंबानी ने कहा, कि  मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट ने भारतीय कलाओं के प्रदर्शन में दिलचस्पी दिखाई है। म्यूजियम द्वारा वैश्विक मंचों पर भारतीय कला के समर्थन ने मुझे प्रभावित किया है। यह हमारी प्रतिबद्धताओं से मेल खाता है। यह सम्मान मुझे भारत की प्राचीन विरासात के लिए मेरे प्रयासों को दोगुना करने में मदद करेगा।

2017 में भी मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट ने एक खास कार्यक्रम में नीता अंबानी को सम्मानित किया था। यह कार्यक्रम उन हस्तियों के सम्मान में किया जाता है जो कला की दुनिया में विविधता और समावेश को बढ़ावा देते हैं। नीता अंबानी ‘द मेट्स इंटरनेशनल काउंसिल’ की भी सदस्य है।

2017 में मिला था खेल प्रोत्साहन पुरस्कार

श्रीमती अंबानी को 2017 में रिलायंस फाउंडेशन के काम के लिए भारत के राष्ट्रपति से प्रतिष्ठित राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार मिला था। वह अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की सदस्य भी हैं और इस भूमिका को निभाने वाली वे पहली भारतीय महिला हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER