Rabri Devi Statement / नीतीश गंजेड़ी हैं, गांजा पीकर सदन में आते हैं… बिहार CM पर राबड़ी के बिगड़े बोल

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता राबड़ी देवी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए, दावा किया कि वे सदन में भांग पीकर आते हैं। इस बयान के बाद नीतीश कुमार और राबड़ी देवी में तीखी बहस हुई। विपक्ष ने सदन का बहिष्कार किया। तेजस्वी यादव ने भी नीतीश पर निशाना साधा।

Rabri Devi Statement: बिहार की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि वह "गांजा पीकर सदन में आते हैं" और "रोज महिलाओं का अपमान करते हैं।" इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है।

राबड़ी देवी का आरोप

राबड़ी देवी ने बुधवार को आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का रवैया महिलाओं के प्रति अपमानजनक है। उन्होंने कहा, "नीतीश कुमार भांग पीकर सदन में आते हैं। वह महिलाओं का अपमान करते हैं, जिनमें मैं भी शामिल हूं। उन्हें देखना चाहिए कि जब हम सत्ता में थे तो हमने किस तरह का काम किया था।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नीतीश कुमार अपने आस-पास के लोगों की बातों पर चलते हैं और वही बोलते हैं।

नीतीश कुमार की प्रतिक्रिया

इस बयान पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधान परिषद में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि RJD के शासनकाल में कोई काम नहीं होता था, जबकि उनकी सरकार ने हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उन्होंने कहा, "हम आए तो एक-एक काम किए। हिंदू-मुसलमान का झगड़ा खत्म किए। महिलाओं के लिए पहले कोई काम नहीं होता था, हम आरक्षण दिए।" इस दौरान दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस हुई, जिसे शांत कराने के लिए सभापति को हस्तक्षेप करना पड़ा।

तेजस्वी यादव का हमला

राबड़ी देवी के साथ-साथ उनके बेटे और विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने भी नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अचेत अवस्था में हैं और लगातार महिलाओं का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने नीतीश कुमार से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा, "बिहार में अपराध चरम पर है और सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है।" तेजस्वी यादव का यह बयान सत्तारूढ़ गठबंधन के लिए एक और चुनौती बन गया है।

नीतीश कुमार की नाराजगी

इससे पहले, 7 मार्च को भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विधान परिषद में आरजेडी की महिला विधायकों पर भड़क गए थे। उन्होंने कहा था कि "आप उस पार्टी में हैं जिनके हसबैंड टूटने लगे तो महिला को बना दिया।" इस बयान के बाद विपक्ष ने सदन में हंगामा किया और कार्यवाही का बहिष्कार किया।

बिहारशरीफ की घटना पर विवाद

बिहारशरीफ में महिला की निर्मम हत्या के मुद्दे पर भी विधानसभा में भारी हंगामा हुआ। माले विधायकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की, जिसके बाद नीतीश कुमार ने हाथ जोड़कर विधायकों से शांति बनाए रखने की अपील की।

राजनीतिक अस्थिरता बढ़ी

राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव के बयानों के बाद बिहार की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा हो गया है। विपक्ष और सत्तारूढ़ गठबंधन के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है, जिससे आगामी चुनावों की रणनीतियों पर भी असर पड़ सकता है। अब देखना यह होगा कि इस विवाद का बिहार की राजनीतिक स्थिति पर क्या प्रभाव पड़ता है।