Odisha / प्रेमी के साथ रिश्ते में बाधा बन रहा था बेटा, मां ने उतारा मौत के घाटा

Vikrant Shekhawat : Oct 03, 2022, 06:55 PM
Odisha | एक मां ने प्रेमी के साथ 'रिश्ते में बाधा' बन रहे अपने तीन साल के बेटे को मौत के घाट उतार दिया। मामला ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले का है। यहां पुलिस ने सोमवार को एक 35 वर्षीय महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। महिला पर आरोप है कि उसने अपने 3 साल के बेटे की हत्या इसलिए कर दी क्योंकि वह उसे अपने रिश्ते में बाधा मानती थी। केंद्रपाड़ा में पुलिस ने कहा कि उन्होंने मटियापाड़ा गांव की सस्मिता नाथ और गुप्तीरा गांव के उसके प्रेमी लक्ष्मीधर बाई को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल सस्मिता ने सुकांत नाथ से शादी की थी। दोनों के तीन बच्चे थे- दो बेटे और एक बेटी। पुलिस ने कहा कि कुछ साल पहले सुकांत ओडिशा छोड़कर बेंगलुरु में काम करने के लिए गया था। उसकी पत्नी और बच्चे ओडिशा में रह गए थे। 

पट्टामुंडई थाने के निरीक्षक तपन कुमार राउत ने कहा, "वह (महिला) फिर पट्टामुंडई शहर आई, अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए एक घर किराए पर लिया। यहां उसकी मुलाकात लक्ष्मीधर बाई नामक एक स्थानीय युवक से हुई। वह युवक महिला के बच्चों को निजी ट्यूशन देता था। महिला और उस युवक के बीच करीबी बढ़ती गई। दोनों शादी करना चाहते थे। जिसके बाद सस्मिता अपनी बड़ी बेटी और बेटे को दुहिदीपुर गांव में अपने पैतृक स्थान पर छोड़ आई। हालांकि, 3 साल का बेटा बाधक साबित हो रहा था। इसी बात को लेकर उनके बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था।" शनिवार को महिला कथित तौर पर अपने 3 साल के बेटे को छत पर ले गई और उसे मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद वह शव को स्थानीय अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे 'मृत लाया' घोषित कर दिया। हालांकि, रविवार को उसने अपने प्रेमी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई कि उसने उसके बेटे की हत्या की है।

प्राथमिकी दर्ज करने के बाद, वह अपने प्रेमी के साथ अपने माता-पिता के पास गई जहां उसके दो बच्चों ने लक्ष्मीधर को पहचान लिया और अपने दादा दादी को अपनी मां के रिश्ते के बारे में सबकुछ बता दिया। जब उसके माता-पिता ने उससे 3 साल के बेटे के बारे में पूछा तो उसने संदेह जताते हुए कोई जवाब नहीं दिया। उसके दो बच्चों ने तब अपने दादा-दादी को बताया कि कैसे लक्ष्मीधर उन्हें ट्यूशन के दौरान बेरहमी से पीटता था। इसके बाद महिला के माता-पिता ने दोनों को हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया। इंस्पेक्टर ने कहा, "दोनों ने हत्या में अपनी भूमिका कबूल कर ली है। उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।"

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER