नई दिल्ली / आज से दिल्ली में ऑड-ईवन लागू, उल्लंघन करने पर कटेगा 4 हजार का चालान

Live Hindustan : Nov 04, 2019, 07:14 AM
नई दिल्ली | खतरनाक स्तर तक पहुंच चुके प्रदूषण के कारण दिल्ली में सोमवार से सम-विषम व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके तहत सोमवार को दिल्ली में वही गाड़ियां चलेंगी जिनके नंबर के अंत में 0,2,4,6,8 आता है। नियम का उल्लंघन करने वालों पर चार हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।

सुबह 8 बजे से प्रभावी 

सम-विषम की व्यवस्था सुबह 8 से शाम 8 बजे तक लागू रहेगी।  सम विषम से रविवार को छूट रहेगी। इस बार भी  सम-विषम योजना से महिलाओं को छूट दी गई है। कोई भी गाड़ी जो महिला चला रही हो उसे सम-विषम से छूट मिलेगी, इसमें पुरुष सवारी नहीं होना चाहिए। महिला के साथ 12 साल तक का बच्चे को भी छूट मिलेगी। बाइक, इमरजेंसी सेवाओं की गाड़ियों जैसे एंबुलेंस, फायर बिग्रेड पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा।

दुपहिया वाहन को रहेगी छूट

राजधानी के 70 लाख दुपहिया वाहनों को भी छूट रहेगी। इस बार सीएनजी कारों को छूट नहीं दी गई है। इसके कारण सार्वजनिक वाहनों में भीड़ बढ़ जाएगी। सरकार ने दो हजार अतिरिक्त बसों की व्यवस्था का दावा किया है। इसके साथ मेट्रो के फेरे भी सम विषम के दौरान बढ़ाए जाएंगे।

दो बार पहले लागू 

दिल्ली में वाहनों से होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए दिल्ली सरकार पहले भी दो बार सम-विषम योजना को लागू कर चुकी है। वर्ष 2016 में 1 से 15 जनवरी और 16 से 30 अप्रैल तक दो बार सम-विषम लागू किया गया था।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER