हिमाचल दिवस 2022 / पीएम मोदी ने की तारीफ- मेहनतकश, ईमानदार, कर्मठ लोगों ने चुनौती को अवसरों में बदला

Vikrant Shekhawat : Apr 15, 2022, 04:19 PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल दिवस पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट किया- ये बहुत सुखद संयोग है कि देश की आजादी के 75वें वर्ष में, हिमाचल प्रदेश भी अपना 75वां स्थापना दिवस मना रहा है। 1948 में जब हिमाचल प्रदेश का गठन हुआ था तब पहाड़ जितनी चुनौतियां सामने थीं। छोटा पहाड़ी प्रदेश होने के कारण, मुश्किल परिस्थितियों, चुनौतीपूर्ण भूगोल के चलते संभावनाओं के बजाय आशंकाएं अधिक थीं।


लेकिन हिमाचल के मेहनतकश, ईमानदार, कर्मठ लोगों ने इस चुनौती को अवसरों में बदल दिया। बागवानी, साक्षरता दर, पॉवर सरप्लस राज्य, गांव-गांव तक सड़क सुविधा और घर-घर पानी एवं बिजली की सुविधा जैसे अनेक मानक इस पहाड़ी राज्य की प्रगति को दिखाते हैं। हिमाचल में जितनी संभावनाएं हैं, उनको पूरी तरह से सामने लाने के लिए अब हमें तेजी से काम करना है। आने वाले 25 वर्षों में हिमाचल की स्थापना और देश की आजादी के 100 वर्ष पूरे होने वाले हैं। ये हमारे लिए नए संकल्पों का अमृतकाल है।

राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल ने भी हिमाचल दिवस की शुभकामनाएं दीं। राहुल गांधी ने ट्वीट किया- हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक सुंदरता व धार्मिक परंपराओं का प्रतीक है। आशा करता हूं, आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश प्रगति की नयी ऊंचाइयां प्राप्त करे। राज्य के स्थापना दिवस पर हिमाचल प्रदेश के सभी लोगों को मेरी शुभकामनाएं।


दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया- हिमाचल दिवस की सभी प्रदेशवासियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। हमें मिलकर हिमाचल को तरक्की के रास्ते पर लेकर जाना है ताकि हिमाचल में रहने वाले हर परिवार का जीवन खुशहाल हो सके।



SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER