देश / प्रियंका गांधी का बड़ा बयान, बोलीं- भारत के प्रधानमंत्री ने कायरों सा बर्ताव किया

Zoom News : Jun 12, 2021, 09:27 PM
नई दिल्ली: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कोरोना महामारी की दूसरी लहर में पैदा हुए हालात को लेकर शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री पर कायरों सा बर्ताव करने का आरोप लगाया।  प्रियंका ने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए भारतीय नागरिक नहीं, बल्कि राजनीति प्राथमिकता है और उन्हें सिर्फ अपने प्रचार की चिंता रहती है।

सरकार से सवाल करने की अपनी श्रृंखला ‘जिम्मेदार कौन’ के तहत प्रियंका ने शुक्रवार को ट्वीट किया, "भारत के प्रधानमंत्री ने कायरों सा बर्ताव किया। उन्होंने 139 करोड़ लोगों को मंझधार में छोड़ देश का भरोसा तोड़ दिया। हिन्दुस्तानियों की जिंदगी से ज्यादा उनके लिए राजनीति मायने रखती है। सच्चाई से ज्यादा उनका सरोकार प्रोपागैंडा है। अब वक्त आ गया है कि हम पूछें।"

प्रियंका ने दावा किया कि प्रधानमंत्री की व्यापक क्षमता को लेकर जो मिथ्या फैलाई गई, वो बेनकाब हो गई। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ‘प्रधानमंत्री के लिए भारतीय पहले नहीं आते। राजनीति पहले आती है। सच की उन्हें कोई परवाह नहीं है, वह सिर्फ प्रचार की परवाह करते हैं।’

प्रियंका ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री ने समय रहते विशेषज्ञों की चेतावनियों पर ध्यान दिया होता या स्वास्थ्य संबंधी संसदीय समिति की सिफारिशों पर कदम उठाया होता हो देश में बेड, ऑक्सीजन और दवाओं की कमी नहीं पड़ती। उन्होंने कहा कि भारतीय नागरिकों के जीवन को तवज्जो नहीं देते हुए जीवन रक्षक दवाओं की करोड़ों खुराक निर्यात कर दी गई।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER