Ramayana / ‘रामायण’ में निषाद राज बने चंद्रकांत पांड्या का निधन, सीरियल के कलाकारों ने जताया शोक

Zoom News : Oct 22, 2021, 06:33 AM
Ramayana : ‘रामायण’ में निषाद राज की भूमिका निभाने वाले अभिनेता चंद्रकांत पांड्या का निधन हो गया है। वह 72 साल के थे। चंद्रकांत पांड्या ने गुरुवार को अंतिम सांस ली। सीरियल में सीता बनीं दीपिका चिखलिया ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी है। राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल और लक्ष्मण फेम अभिनेता सुनील लहरी ने भी एक पोस्ट शेयर कर शोक जताया।

कलाकारों का पोस्ट

दीपिका चिखलिया ने चंद्रकांत पांड्या के निधन पर अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर किया, ‘#RIP चंद्रकांत पांड्या, “रामायण” के निषाद राज।‘ 

अरुण गोविल ने लिखा, ‘धारावाहिक “रामायण” में निषाद राज की भूमिका निभाने वाले चंद्रकांत पांडे जी का निधन कला जगत के लिए एक बड़ी हानि है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति और सद्गति दें यही प्रार्थना है।‘

फिल्मों में भी किया काम

‘रामायण’ में चंद्रकांत ने भगवान राम के बचपन के दोस्त की भूमिका निभाई थी। शो के अलावा उन्होंने ‘प्रेम लगन’, ‘प्यार हो गया’, ‘परिवार ना पंखी’, ‘होते होते प्यार हो गया’ और ‘चुंदड़ी नी लाज’ सहित कई फिल्मों में अभिनय किया। वह कुछ गुजराती फिल्मों में भी दिखाई दिए। 

अरविंद त्रिवेदी का निधन

90 के दशक में रामायण लोकप्रिय सीरियल में से एक था। लॉकडाउन के दौरान फिर से इसका प्रसारण किया गया। तब भी दर्शकों ने अच्छी प्रतिक्रिया दी। बीते दिनों ही सीरियल के ‘रावण’ का निधन हो गया था। यह किरदार अरविंद त्रिवेदी ने किया था। बढ़ती उम्र के चलते वह कई बीमारियों से जूझ रहे थे।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER