चौधरी बन रहा चीन / जंग रुकवाने के लिए मध्यस्थता के लिए तैयार, लेकिन रूस को बताया सबसे अच्छा दोस्त

Zoom News : Mar 07, 2022, 05:57 PM
यूक्रेन पर आक्रमण के बाद रूस की हर तरफ आलोचना हो रही है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उस पर कई प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं। इसके बावजूद चीन ने रूस को अपना प्रमुख रणनीतिक साझेदार बताया है। चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने सोमवार को एक प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि बीजिंग और मास्को के बीच अभी भी बहुत गहरी दोस्ती है और हमारे द्विपक्षीय रिश्तों की कोई सीमा नहीं है। इस दौरान वांग यी ने कहा कि, चीन रूस और यूक्रेन के बीच मध्यस्थता कराने के लिए भी तैयार है। 

वांग यी ने यूक्रेन पर रूस के आक्रमण की निंदा करने से इंकार करते हुए कहा कि, दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी है और भविष्य में हमारी संभावनाएं बहुत व्यापक हैं। उन्होंने कहा कि, अगर आवश्यकता पड़ती है तो चीन अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ काम करते हुए आवश्यक मध्यस्थता के लिए भी तैयार है। 

भारत को प्रतिद्वंद्वी नहीं साझेदार होना चाहिए 

वांग यी ने इस दौरान भारत-चीन संबंधों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि कुछ वर्षों में हमारे रिश्तों में कड़वाहट आई है। उन्होंने अमेरिका पर निशाना साधते हुए कहा कि, कुछ ताकतों ने हमेशा भारत व चीन के बीच तनाव पैदा करने की कोशिश की है। चीन और भारत को प्रतिद्वंद्वियों के बजाय भागीदार होना चाहिए। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER