बॉलीवुड / ऋषि कपूर को कहा जाता था चॉकलेटी हीरो, नीतू से 5 साल डेट के बाद की थी शादी

Jansatta : Apr 30, 2020, 04:04 PM
बॉलीवुड डेस्क | दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर (Rishi Kapoor ) का गुरुवार को मुंबई के अस्पताल में निधन हो गया। एक दिन पहले ही इरफान खान दुनिया को अलविदा कह गए थे। ऋषि कपूर बॉलीवुड में ‘चॉकलेटी हीरो’ के नाम से चर्चित थे। उन्होंने कई रोमांटिक हिट फिल्में भी दीं। ऋषि कपूर की लव स्टोरी भी दिलचस्प थी। उन्होंने शादी से पहले नीतू कपूर को पांच साल डेट किया था। दोनों मिलते रहे और बाद में शादी का फैसला किया।

फिल्म के सेट पर हुई थी पहली मुलाकात: ऋषि कपूर ने नीतू कपूर से खुल्लम-खुल्ला अपने प्यार का इजहार किया था। पहली बार वह एक फिल्म के सेट पर मिले थे। धीरे-धीरे उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। फिर दोनों ने एक-दूसरे को पांच साल डेट किया और शादी करने का फैसला लिया। साल 1980 में शादी की थी। दोनों पहली बार ‘जहरीला इंसान’ में एक साथ नजर आए थे। ऋषि कपूर और नीतू के दो बच्चे, रणबीर कपूर और रिधिमा कपूर हैं।

ऋषि और नीतू कपूर ने कई फिल्मों में साथ किया था काम: फिल्मीबीट के मुताबिक, नीतू कपूर, ऋषि कपूर के साथ फिल्म ‘बॉबी’ में काम करना चाहती थीं, लेकिन इस फिल्म में उनकी जगह डिंपल कपाड़िया को रोल मिला। हालांकि नीतू और ऋषि कपूर ने साथ कई फिल्में कीं। ‘रफू चक्कर’, ‘दूसरा आदमी’, ‘कभी-कभी’, ‘अमर अकबर एंथोनी’ जैसी फिल्मों में इस कपल ने पर्दे पर गजब की केमिस्ट्री दिखाई, जिसे दर्शकों ने भी खूब पसंद किया।

फिल्मी करियर की शुरूआत: ऋषि कपूर का जन्म 4 सितम्बर, 1952 को हुआ था। वह पहली बार फिल्म श्री 420 में दिखे थे। 1980 में आई उनकी फिल्म कर्ज ने बॉक्स ऑफिस पर कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए था। उनकी आखिरी फिल्म द बॉडी थी। ऋषि कपूर बॉलीवुड के शो मैन यानि राज कपूर के मंझले बेटे थे। लोग प्यार से उन्हें चिंटू भी बुलाते थे।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER