बॉलीवुड / चंदनवाड़ी श्मशान घाट पर होगा ऋषि कपूर का अंतिम संस्कार, बेटी के आने का हो रहा इंतजार

Zee News : Apr 30, 2020, 03:31 PM
नई दिल्ली: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर (Rishi Kapoor) का मुंबई के अस्पताल में निधन हो गया है। वह 67 साल के थे। ऋषि कपूर की अचानक तबीयत खराब हो जाने के कारण बुधवार सुबह उनके परिवार ने एचएन रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया था। ऋषि के निधन की खबर सबसे पहले दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक ट्वीट के जरिए दी। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि ऋषि कपूर नहीं रहे। अमिताभ ने यह भी कहा कि ऋषि के जाने बाद वह टूट गए हैं, हालांकि बाद में उन्होंने अपना यह ट्वीट डिलीट कर दिया है।

नीतू कपूर ने शेयर की इमोशनल पोस्ट

नीतू अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है कि हमारे करीबी ऋषि कपूर का आज सुबह 8।45 पर निधन हो गया। वो पिछले दो सालों से लेकिमिया (leukemia) से ग्रेसित थे। अस्पताल में डॉक्टर ने अंतिम क्षण तक उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की थी। ऋषि पिछले दो सालों से खुद को मजूबत रख रहे थे। वो जिंदादिली से जीने की कोशिश कर रहे थे।

चंदनवाड़ी श्मशान घाट पर होगा अंतिम संस्कार

मरीन लाइंस के चंदनवाड़ी श्मशान घाट पर ऋषि कपूर का अंतिम संस्कार किया जाएगा। बता दें,यह श्मशान घाट उस हॉस्पिटल के काफी करीब है, जहां ऋषि कपूर ने अपनी अंतिम सांस ली है। बता दें, हॉस्पिटल में नीतू सिंह और रणबीर कपूर रात से ही हैं। वहीं सैफ अली खान, करीना कपूर, आलिया भट्ट और अभिषेक बच्चन थोड़ी देर पहले ही हॉस्पिटल पहुंचे हैं। दूसरी ओर ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा दिल्ली से मुंबई के लिए निकल चुकी हैं। अभी तक मिली खबरों में यही कहा गया है कि रिद्धिमा के आने के बाद ही ऋषि कपूर का अंतिम संस्कार किया जाएगा। 

कैंसर का इलाज कराके लौटे थे इंडिया

बता दें, अमेरिका में कैंसर का इलाज कराने के बाद पिछले साल सितंबर में भारत लौटे अभिनेता ऋषि कपूर (Rishi Kapoor) का स्वास्थ्य खराब होने के कारण उन्हें बुधवार सुबह मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऋषि कपूर के बड़े भाई रणधीर कपूर ने ऋषि कपूर के बारे में यह यह जानकारी दी थी। 67 वर्षीय ऋषि कपूर को उनके परिवार ने एच एन रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया था, तब तक उनकी हालात स्थिर बताई जा रही थी।  


गुरुवार सुबह 8:45 बजे तोड़ा दम 

खबरों के मुताबिक, ऋषि कपूर ने जिस एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती थे, उन्होंने वहीं अंतिम सांस ली और इस दौरान उनकी पत्नी नीतू कपूर उनके साथ थीं। वहीं, परिवार की ओर से दिए गए बयान में कहा गया, "हमारे प्रिय ऋषि कपूर का ल्यूकेमिया के साथ दो साल की लड़ाई के बाद आज सुबह 8:45 बजे अस्पताल में शांति से निधन हो गया। उन्होंने अंतिम समय तक अस्पताल के डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मचारियों का मनोरंजन किया।" 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER