COVID-19: पूर्व पाकिस्तानी कप्तान शाहिद अफरीदी ने बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और बेटे अभिषेक बच्चन के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए एक ट्वीट किया है। शुक्रवार देर रात अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन के कोरोना पॉजिटिव होने की रिपोर्ट आई थी। उसके बाद शनिवार सुबह ऐश्वर्या राय बच्चन और आराध्या बच्चन भी कोरोना पॉजिटिव पाई गईं। अभिनेता के चारों बंगलों (जलसा, जनक, वत्सा और प्रतीक्षा) को बीएमसी ने सील कर दिया है। बाहर कंटेनमेंट जोन का बोर्ड लगा दिया है। दुनियाभर के फैन्स बच्चन परिवार के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
अमिताभ बच्चन और उनके परिवार के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर ने पूरे देश को चौंका दिया। देश के कोने-कोने से फैन्स ने उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। इसी कड़ी में पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी शाहिद अफरीदी ने भी अमिताभ और अभिषेक के लिए एक ट्वीट किया। शाहिद अफरीदी भी हाल ही में कोरोना वायरस के प्रकोप से उबरे हैं। उन्हें भी कोविड-19 हो गया था, जिसकी जानकारी खिलाड़ी ने खुद दी थी। अब अफरीदी पूरी तरह से ठीक हैं।
Best wishes for @SrBachchan and @juniorbachchan . Hope you recover well and soon.
— Shahid Afridi (@SAfridiOfficial) July 12, 2020
शाहिद अफरीदी ने ट्वीट करते हुए लिखा- अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को शुभकामनाएं। उम्मीद हैं आप जल्द स्वस्थ होंगे।
शाहिद अफरीदी के अलावा पूर्व पाकिस्तानी पेसर शोएब अख्तर ने भी बिग बी के लिए ट्वीट किया था। अख्तर ने ट्वीट करते हुए लिखा- ''जल्दी से ठीक हो जाइए अमित जी। सीमा पार के आपके फैन्स की तरफ से शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थनाएं।''
बता दें कि भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 28,701 नए मामले सामने आए और 500 मरीजों की मौत हुई है। इसके साथ ही देश में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 8,78,254 है, जिसमें 3,01,609 सक्रिय मामले हैं। साथ ही अभी तक 5,53,471 मरीज या तो ठीक हो चुके हैं या फिर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में अभी तक 23,174 कोरोना मरोजी की मौत हो चुकी है।
