जोधपुर / पुलिस और गैंगस्टर के बीच चली गोलियां, 007 गैंग का सरगना सहीराम गोली लगने से घायल

Dainik Bhaskar : Sep 15, 2019, 11:30 AM
जोधपुर. शहर के सहारण नगर में शनिवार दोपहर पुलिस और गैंगस्टर के बीच जमकर गोलियां चली। बाद में पुलिस की गोली लगने से घायल 007 गैंग का सरगना सहीराम विश्नोई घायल हो गया। पुलिस ने सहीराम व उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक अन्य की तलाश में पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेर रखा है। पांव में गोली लगने से घायल सहीराम को एमडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके दोनों पांव में गोली लगी है। 

जोधपुर के ग्रामीण क्षेत्र में तेजी से पांव पसार रही 007 की गैंग ने कई दिन से पुलिस की नाक में दम कर रखा है। आज सुबह पुलिस को सूचना मिली की इस गैंग का सरगना सहीराम एक एसयूवी में निकल रहा है। इसके बाद पुलिस ने नाकाबंदी कर उसे घेरना चाहा, लेकिन वह भाग निकला। पुलिस टीम ने डीसीपी धर्मेन्द्र सिंह के नेतृत्व में लगातार उसका पीछा किया। सहीराम अपना वाहन लेकर शहर के सारण नगर की तरफ भागा। भागते समय उसने डीसीपी की गाड़ी पर गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। इसके जवाब में पुलिस टीम ने भी गोलियां दागी। भागते समय एक गोली सहीराम के पांव में लगी और वह घायल हो गया। उसके घायल होते ही पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। उसका एक साथी भी पकड़ा गया, लेकिन एक अन्य भाग निकला. पुलिस टीम ने सारण नगर क्षेत्र की एक निजी स्कूल के पीछे झाड़ियों में उसे घेर रखा है और गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। घायल सहीराम को एमडीएम अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी खतरे से बाहर बताई जा रही है।  

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER