बॉलीवुड / सोनाक्षी सिन्हा के वीडियो पर शख्स ने किया आपत्तिजनक कमेंट, पुलिस ने किया अरेस्ट

ABP News : Aug 22, 2020, 08:33 AM
बॉलीवुड डेस्क | बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा के एक इंस्टाग्राम वीडियो पर आपत्तिजनक कमेंट करने वाले शख्स को गिरफ्तार किया गया है। दरअसल, सोनाक्षी की टीम ने इंस्टाग्राम पर किए गए कमेंट के बाद मुंबई पुलिस से संपर्क किया था और शिकायत दर्ज की था। इसके बाद मुंबई साइबर पुलिस ने 27 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और आरोपी औरंगाबाद का रहने वाला है।

साइबर पुलिस के अनुसार, 7 अगस्त को एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने ऑनलाइन साइबर बदमाशी, महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित उत्पीड़न को लेकर इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया था, जिस पर एक व्यक्ति ने आपत्तिजनक भाषा में कमेंट किया था, जिसके बारे में साइबर पुलिस से शिकायत दर्ज की गई थी। शिकायत मिलने के बाद साइबर पुलिस ने औरंगाबाद निवासी शशिकांत गुलाब जाधव (27) को अभद्र टिप्पणी करने के लिए गिरफ्तार किया है।

बताया जा रहा है कि जाधव ने बीकॉम की पढ़ाई की है और एक रेस्टोरेंट में एक प्रबंधक के रूप में काम करता है। इस मामले में जांच कर रही पुलिस को पता चला है कि जाधव ने सिर्फ सोनाक्षी सिन्हा ही नहीं, बल्कि कई अन्य हस्तियों के सोशल मीडिया पोस्ट पर इसी तरह के कमेंट किए हैं। जाधव को गिरफ्तार करने के बाद साइबर पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश किया था, जहां कोर्ट ने जाधव को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

मुंबई पुलिस डीसीपी (साइबर) रश्मि करंदीकर ने मिड डे को बताया, 'हमनें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई पुलिस साइबर सेल इंटरनेट को एक सुरक्षित स्थान बनाने में भूमिका निभाती है। साथ ही, महिला सुरक्षा हमेशा हमारी प्राथमिकता रही है। साइबर बुलिंग और साइबर स्टाकिंग एक दंडनीय अपराध है। हम सभी को इंटरनेट को सभी के लिए सुरक्षित बनाने की दिशा में काम करना चाहिए।'

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER