दुनिया / बुर्किना फासो में आतंकी हमले में 35 लोगों की मौत, सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 80 जिहादी भी मारे गये

News18 : Dec 25, 2019, 12:23 PM
बुर्किना फासो। पश्चिम अफ्रीकी देश बुर्किना फासो (Burkina Faso) के उत्तरी इलाके में स्थित एक कस्बे पर जिहादियों के हमले में 35 नागरिकों की मौत हो गई। मृतकों में अधिकांश महिलाएं बताई जा रही हैं। इस हमले के बाद सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में 80 जिहादियों को भी मार गिराया गया। एक बयान के अनुसार बुर्किना फासो की माली से लगने वाली सीमा के पास साहेल क्षेत्र के अर्बिन्दा शहर में भड़की हिंसा कई घंटों तक चली। सुरक्षा बलों के सात सदस्य भी मारे गए।

राष्ट्रपति रोच मार्क क्रिश्चियन काबोर ने इस हमले पर कहा कि 'हमारे सैनिकों की वीरतापूर्ण कार्रवाई की और 80 आतंकवादियों मार गिराया। इस बर्बर हमले में 35 नागरिकों की मौत हुई, जिनमें से अधिकांश महिलाएं थीं।' इस हमले की जिम्मेदारी किसी भी चरमपंथी संगठन ने नहीं ली है। इससे पहले बीते महीने कम से कम 37 नागरिक मारे गए थे, जब संदिग्ध जिहादियों ने पूर्वी बुर्किना फासो में कनाडाई खनन कंपनी सेमाफो के कर्मचारियों को ले जाने वाले काफिले पर हमला किया था।

48 घंटे के राष्ट्रीय शोक की घोषणा

बुर्किना फासो के राष्ट्रपति रोश मार्क काबोर ने ट्वीट किया, ‘बर्बर हमले में 35 नागरिक मारे गए, जिनमें अधिकतर महिलाएं हैं।’उन्होंने साथ ही रक्षा एवं सुरक्षा बलों की वारता तथा प्रतिबद्धता की सराहना भी की। संचार मंत्री एवं सरकार के प्रवक्ता रेमीस डंडजिनौ ने बाद में बताया कि 31 महिलाएं मारी गई हैं और करीब 20 सैनिक घायल हुए हैं। राष्ट्रपति ने 48 घंटे के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। सेना ने बताया कि मोटरसाइकिलों पर सवार जिहादियों ने सुबह हमला किया जो कई घंटों तक चला। बाद में, वायु सेना की मदद से सशस्त्र सेना ने आतंकवादियों को खदेड़ दिया। किसी समूह ने तत्काल हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट समूह अक्सर यहां जिहादी हमलों को अंजाम देते रहते हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER