हरियाणा / दुल्हन बनीं सगी बहनें करती रहीं बारात का इंतजार लेकिन नहीं आई, जाने क्यों

AMAR UJALA : Dec 11, 2019, 01:55 PM
दुल्हनें 16 श्रृंगार से सजीं थीं। घर और परिवार में खुशियों का माहौल था। मंडप भी सजा। मेहमान भी आए। लजीज खाने के स्वाद को चखने के लिए पड़ोसी भी निर्धारित समय पर पहुंच गए। लेकिन बारात नहीं आई। सबकी निगाहें बारात को ताकती रही और आखिर लग्न, मुहुर्त सब बीत गए। मामला अंबाला शहर से सटे एक गांव का है। दो सगी बहनों को दुल्हन के तौर पर सजने के बावजूद फेरे लेने का सौभाग्य नहीं मिला।

वजह वर पक्ष के साथ लेन-देन को लेकर विवाद माना जा रहा है। दोनों दूल्हे आपस में रिश्तेदार थे। लिहाजा दोनों ने नया रिश्ता बनने से पहले सब कुछ खत्म कर दिया। हालांकि पीड़ित परिवार ने मामले में कहीं शिकायत दर्ज नहीं करवाई। लेकिन दिनभर अंबाला में यह मामला सुर्खियों में रहा। 

ये है पूरा मामला

अंबाला शहर के नग्गल एरिया के एक गांव में दो सगी बहनों की शादी मंगलवार को तय हुई थी। एक बहन की शादी कुरुक्षेत्र के एक गांव में होनी थी जबकि दूसरी की अंबाला के बराड़ा खंड के गांव में। दोनों लड़के आपस में रिश्तेदार थे। सोमवार को लड़की के परिजन दोनों परिवारों के यहां सगाई लेकर गए। 

इसी सगाई के दौरान एक जगह लड़की वालों के साथ कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि लड़के वालों ने दहेज में गाड़ी की मांग कर दी। लड़की वालों ने पूरी करने पर असमर्थता जाहिर की। हालांकि लड़की वालों को लगा कि शायद थोड़ी कहासुनी के बाद मामला शांत हो जाएगा। इसीलिए तय कार्यक्रम के अनुसार दुल्हन बनी दोनों बहनें मंगलवार सुबह अंबाला शहर के गांव मटेहड़ी शेखां के पास स्थित एक रेसोर्ट में पहुंच गईं। 

बारात नहीं आएगी सुनकर बेहोश हुई बड़ी दुल्हन

दोपहर तक रेसोर्ट में बारात का इंतजार चलता रहा। लेकिन दोनों दूल्हे बारात के साथ मंडप तक नहीं पहुंचे। जैसे ही दोनों दुल्हनों को जानकारी मिली तो 23 वर्षीय बड़ी दुल्हन बेहोश होकर मंडप में गिर गई। उसे तुरंत जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER