ये प्यार कुछ अलग है / घर वालों ने मोबाइल छीना-मारा पीटा, लेकिन भागकर थाने पहुंच गईं दो लड़कियां

Zoom News : May 08, 2022, 12:51 PM
बिहार के पाटलिपुत्र से अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां दो लड़कियों के बीच परवान चढ़े प्यार ने परिजनों के साथ ही साथ पुलिस को भी परेशानी में डाल हैरान कर दिया है। दोनों युवतियां समलैंगिक रिश्ते में हैं और अब शादी करना चाहती हैं। परिवार उनके प्यार में रोड़ा बना तो दोनों भागकर पुलिस थाने पहुंच गईं। कहानी सुनकर पुलिस भी सन्न रह गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों लड़कियों के बयान दर्ज कर उन्हें वापस भेज दिया है। 


क्या है पूरा मामला 

22 साल की श्रेया घोष की कुछ समय पहले 19 वर्षीय तनुश्री से दोस्ती हुई थी। दोनों कॉमन फ्रेंड के जरिए मिलीं और इसके बाद दोस्ती इस कदर बढ़ी कि वह प्यार में तब्दील हो गई। दोनों ने जीने मरने की कसमें तक खा डालीं और समलैंगिक रिश्ते में रहने लगीं। जानकारी के मुताबिक, श्रेया घोष पाटलिपुत्र की रहने वाली है तो तनुश्री दानापुर में रहती है। 


परिवार बना प्यार में रोड़ा

जब दोनों लड़कियों के संबंध के बारे में परिवार वालों को जानकारी हुई तो परिजन दोनों के प्यार में रोड़ा बन गए। अजीबोगरीब मामला होने के चलते परिजनों ने दोनों को बहुत समझाया, लेकिन वो नहीं मानीं। इसके बाद दोनों को घर में पीटा भी गया और मोबाइल छीन लिए गए। इसके बावजूद दोनों मिलते रहे। पुलिस ने बताया कि, चार दिन पहले दोनों एक मॉल में मिलीं और वापस घर नहीं लौटीं। इसके बाद तनुश्री के घर वालों ने अपहरण का मामला दर्ज करवाया। 


चली गईं थीं दिल्ली फिर लौटीं वापस 

अपहरण का मामला दर्ज किए जाने के बाद पुलिस केस की छानबीन ही कर रही थी कि, दोनों लड़कियां भागकर दिल्ली पहुंच गईं। हालांकि, इसके बाद वापस पटना लौटीं और सीधे पुलिस थाने पहुंच गईं। तनुश्री ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मर्जी से श्रेया के साथ गई थी और दोनों शादी करना चाहते हैं। उन्होंने कहा उनके परिवार वाले इस रिश्ते के खिलाफ हैं और मारते-पीटते हैं। तंग आकर दोनों भाग गई थीं। पुलिस का कहना है कि दोनों ने बयान दर्ज कराया है कि पढ़ाई पूरी करने वे आपस में शादी करेंगी। इसके बाद दोनों को छोड़ दिया गया है। 


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER