पीएम मोदी से बोले डोनाल्ड ट्रंप- "हम सब आपको बहुत प्यार करते हैं", 40 मिनट हुई बात

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 40 मिनट की फोन कॉल पर चर्चा की। ट्रंप ने मोदी को अपना 'पक्का दोस्त' बताते हुए पश्चिम एशिया की स्थिति, द्विपक्षीय संबंधों और ईरान के साथ चल रहे तनाव पर विस्तार से बात की।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बीते मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ फोन पर हुई 40 मिनट की लंबी बातचीत पर अपनी अहम प्रतिक्रिया दी है। वाशिंगटन में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने इस वार्ता को अत्यंत सकारात्मक बताया और उन्होंने कहा कि मेरे दोस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई। ट्रंप ने एक बार फिर पीएम मोदी को अपना पक्का दोस्त करार दिया है।

प्रधानमंत्री मोदी को बताया 'पक्का दोस्त'

" ट्रंप ने आगे कहा, "मैंने उनसे बहुत अच्छी बात की, और वे मेरे दोस्त हैं, भारत से हैं, और वे बहुत अच्छा कर रहे हैं। " उल्लेखनीय है कि इस 40 मिनट की कॉल के अंत में ट्रंप ने भावुक होते हुए कहा था, "हम सब आपको बहुत प्यार करते हैं"। यह बयान ट्रंप ने लास वेगास जाते समय दिया, जो दोनों नेताओं के बीच गहरे व्यक्तिगत और कूटनीतिक संबंधों को दर्शाता है।

पश्चिम एशिया संघर्ष और शांति वार्ता का संदर्भ

ट्रंप ने पीएम मोदी को यह फोन कॉल बीते मंगलवार को किया था। इस वार्ता का मुख्य केंद्र द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना और पश्चिम एशिया (वेस्ट एशिया) की वर्तमान स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान करना था। अमेरिका और इज़रायल द्वारा ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू करने के बाद ट्रंप और पीएम मोदी के बीच यह पहली औपचारिक वार्ता थी। गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान के बीच ट्रंप ने बीते 7 अप्रैल को दो हफ्ते का युद्धविराम घोषित किया था। वर्तमान में दोनों पक्षों के बीच शांति वार्ता के दूसरे दौर के प्रयास जारी हैं, क्योंकि इससे पहले इस्लामाबाद में आयोजित पहली शांति वार्ता बेनतीजा रही थी।

होर्मुज जलडमरूमध्य और द्विपक्षीय सुरक्षा पर चर्चा

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के अनुसार, ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच यह बातचीत लगभग 40 मिनट तक चली। इस दौरान दोनों नेताओं ने वैश्विक सुरक्षा के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को खुला और सुरक्षित रखने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। वार्ता में पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता की वकालत की गई। ट्रंप ने कॉल के समापन पर मोदी से अपने स्नेह का इजहार करते हुए कहा कि अमेरिका में उन्हें बहुत पसंद किया जाता है।

ईरान और यूरेनियम संवर्धन का विवाद

इस कूटनीतिक वार्ता के बीच ईरान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। वाशिंगटन लगातार इस बात पर जोर दे रहा है कि तेहरान अपने परमाणु हथियारों की खोज और यूरेनियम संवर्धन के कार्यक्रम को पूरी तरह बंद कर दे। हालांकि, ईरान अब तक इसे छोड़ने के लिए तैयार नहीं दिख रहा था। इसी बीच, ट्रंप ने अपने एक ताजा बयान में दावा किया है कि ईरान अब यूरेनियम संवर्धन रोकने के लिए सहमत हो गया है और हालांकि, ट्रंप के इस दावे पर ईरान की सरकार या वहां के आधिकारिक सूत्रों की ओर से अभी तक कोई पुष्टि या बयान सामने नहीं आया है।