जम्मू कश्मीर / आतंकियों की लगातार दूसरे दिन कायराना हरकत, टीवी एक्ट्रेस की गोली मारकर हत्या

Zoom News : May 25, 2022, 10:20 PM
जम्मू कश्मीर की शांत वादियों में आतंकवादियों ने लगातार दूसरे दिन कायराना हरकत दिखाई है। बडगाम में आतंकियों ने टीवी महिला एक्ट्रेस को गोलियों से भून दिया। इस हमले में महिला की मौत हो गई है। हमले में उसका भतीजा भी घायल हो गया है। इससे पहले मंगलवार को आतंकियों ने श्रीनगर में पुलिस के एक कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों ने अभिनेत्री अमरीन और उनके 10 वर्षीय भतीजे पर हिशरू चदूरा में उनके आवास के बाहर गोलीबारी की। अधिकारी ने बताया कि दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां अमरीन ने दम तोड़ दिया। जबकि दस साल के भतीजे के हाथ पर गोली लगी है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, घटना करीब शाम को 7 बजकर 55 मिनट की बताई जा रही है। जम्मू कश्मीर पुलिस ने ट्वीट किया,"आतंकवादियों ने एक महिला अमरीन भट निवासी खज़ीर मोहम्मद भट निवासी हुशरू चदूरा पर उसके घर पर गोलीबारी की। उसे घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसका 10 वर्षीय भतीजा जो भी था घर पर उनके हाथ में गोली लगी है।” 

उधर, सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। साथ ही आगे की जांच की जा रही है।

वहीं, अमरीन की हत्या को लेकर नेशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा,"अमरीन भट पर जानलेवा आतंकवादी हमले से स्तब्ध और गहरा दुखी हूं। अफसोस की बात है कि हमले में अमरीन की जान चली गई और उसका भतीजा घायल हो गया। इस तरह निर्दोष महिलाओं और बच्चों पर हमला करना कभी भी सही साबित नहीं हो सकता। अल्लाह उन्हें जन्नत में जगह दे।"

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER