उत्तर प्रदेश / रेप के आरोपी को पंचायत ने 3 साल के लिए गांव से निकाला, लगाया ₹2 लाख का जुर्माना

Zoom News : Apr 07, 2021, 04:41 PM
मेरठ: एक युवक ने पड़ोसी किशोरी से रेप किया। वह गर्भवती हो गई तो गर्भपात करा दिया। हालत बिगड़ी तो पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ। गांव में पंचायत बैठी। पंचायत ने आरोपी पर दो लाख का जुर्माना लगाया। तीन साल तक उसे गांव से बाहर रहने का फरमान सुना दिया। पुलिस पूरे मामले से अनभिज्ञ है। 

मामला सरधना थाना क्षेत्र के एक गांव का है। लड़का बीए फाइनल ईयर का छात्र है। उसने पड़ोस में रहने वाली किशोरी को प्रेमजाल में फंसा लिया। शारीरिक संबंध बनाए। किशोरी गर्भवती हुई तो युवक के हाथ-पांव फूल गए। एक हफ्ते पहले उसने गांव के ही झोलाछाप चिकित्सक से सम्पर्क किया और उसकी मदद से किशोरी का गर्भपात करा दिया।

गर्भपात से किशोरी की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने ज्यादा जोर दिया तो भांडा फूट गया। किशोरी ने परिजनों को सब कुछ बता दिया। उधर, भांडा फूटने का पता चलते ही आरोपी युवक गांव से फरार हो गया। वहीं डॉक्टर ने भी अपनी दुकान पर ताला लगा दिया।

पंचायत को लेकर चर्चाएं

मामला दो संप्रदाय से जुड़ा होने से लोगों में रोष फैल गया। केस निपटाने के लिए सोमवार देर रात गांव में पंचायत हुई। दोनों पक्षों के प्रमुख लोग मौजूद रहे। घंटों चली पंचायत में पंचों ने आरोपी छात्र को तीन साल तक गांव में नहीं रहने का फरमान सुना दिया। उस पर दो लाख रुपये का दंड भी लगाया गया। पंचायत को लेकर रविवार को दिनभर चर्चाएं रहीं। लड़की के पिता ने 'हिन्दुस्तान' से बातचीत में समझौता होने की बात स्वीकार की है।

सीओ बोले- जानकारी नहीं

सरधना पुलिस क्षेत्राधिकारी आरपी शाही से बात की गई तो उन्होंने घटना की जानकारी से इंकार किया। सीओ ने कहा कि यदि इस मामले से संबंधित कोई शिकायत आती है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER