डोनाल्ड ट्रंप को खुश करने की तैयारी: यूक्रेन में 'डोनीलैंड' बसाने का प्रस्ताव, जानें पूरा प्लान

रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच कीव ने डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन हासिल करने के लिए डोनबास के एक हिस्से का नाम 'डोनीलैंड' रखने का अनौपचारिक प्रस्ताव दिया है। इस कदम का उद्देश्य ट्रंप प्रशासन को रूस की क्षेत्रीय मांगों के खिलाफ खड़ा करना और अमेरिकी सैन्य सहायता सुनिश्चित करना है।

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध चार साल बीत जाने के बाद भी समाप्त नहीं हो पाया है। तमाम युद्धविराम प्रयासों के बावजूद दोनों देश युद्ध के मैदान में आमने-सामने हैं और डोनाल्ड ट्रंप की व्हाइट हाउस में वापसी के बाद से यूक्रेन को मिलने वाली अमेरिकी सैन्य मदद में उल्लेखनीय कमी आई है। इस स्थिति के बीच, यूक्रेन अब ट्रंप को मनाने के लिए एक नया और अनूठा कदम उठा रहा है। द न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेनी अधिकारियों ने डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन हासिल करने के लिए अपने डोनबास इलाके के एक हिस्से का नाम ‘डोनीलैंड’ (Donnyland) रखने का प्रस्ताव दिया है।

'डोनीलैंड' का प्रस्ताव और इसकी विशेषताएं

यूक्रेन द्वारा प्रस्तावित यह इलाका भौगोलिक दृष्टि से काफी विशाल है। बताया जा रहा है कि यह क्षेत्र ग्रेटर लंदन के आकार से लगभग तीन से चार गुना बड़ा है। इस प्रस्ताव को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मॉस्को के प्रति अपने समर्थन को कम करने के लिए प्रोत्साहित करने के एक कदम के रूप में देखा जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, एक यूक्रेनी वार्ताकार ने इस कल्पित मिनी-स्टेट के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल ChatGPT का उपयोग करके एक राष्ट्रगान और हरे व सुनहरे रंग के झंडे का ड्राफ्ट भी तैयार किया है।

ट्रंप प्रशासन को लुभाने की रणनीति

कीव के वार्ताकारों का मानना है कि किसी क्षेत्र के साथ ट्रंप का नाम जोड़ने से ट्रंप प्रशासन रूस द्वारा युद्धविराम के लिए की जा रही बड़ी क्षेत्रीय मांगों के खिलाफ कड़ा रुख अपना सकता है और हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। पब्लिकेशन के अनुसार, यह नाम अनौपचारिक बातचीत के दौरान लिया गया था ताकि अमेरिकी प्रशासन को मॉस्को के क्षेत्रीय दावों पर सख्त रुख अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके। यूक्रेनी प्रतिनिधियों ने युद्ध के संभावित समाधान पर चर्चा के दौरान डोनबास के उस हिस्से के लिए यह नाम सुझाया जिस पर रूस लगातार हमले कर रहा है।

विवादित क्षेत्र और जनसंख्या के आंकड़े

यह प्रस्तावित क्षेत्र लगभग 80*65 किलोमीटर का है, जो वर्तमान में यूक्रेन के नियंत्रण में है। यह इलाका शांति वार्ता में मुख्य विवादित मुद्दों में से एक बना हुआ है।

भविष्य के मॉडल और रूस का रुख

रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस इलाके के भविष्य के स्टेटस को लेकर अन्य विकल्पों पर भी विचार-विमर्श किया गया है और इनमें एक विसैन्यीकृत क्षेत्र (Demilitarized Zone), एक मुक्त आर्थिक क्षेत्र (Free Economic Zone) या किसी भी पक्ष के पूर्ण नियंत्रण के बिना एक आंशिक रूप से स्वायत्त इकाई (Autonomous Entity) का मॉडल शामिल है। रूसी समाचार पत्रों के अनुसार, रूस ने डोनबास पर अपना पूरा कानूनी नियंत्रण मांगा है, जबकि कीव अपने क्षेत्रों को हस्तांतरित करने के लिए तैयार नहीं है। इसी गतिरोध के कारण बातचीत रुकी हुई है, जिसे तोड़ने के लिए अब यूक्रेन 'डोनीलैंड' के माध्यम से ट्रंप का समर्थन चाह रहा है। हालांकि, यूक्रेनी अधिकारियों की ओर से इस प्रस्ताव पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं दी गई है।