बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड और टॉलीवुड तक की कई फिल्में आए दिनों ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होती हैं। कुछ फिल्में ऐसी होती हैं, जो बॉक्स ऑफिस पर अपना जादू नहीं बिखेर पातीं, लेकिन ओटीटी पर आते ही हर तरफ छा जाती हैं। अक्सर देखा जाता है कि थिएट्रिकल रिलीज के लगभग 45 से 60 दिनों के बाद फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आ जाती है। कई बार कुछ मूवीज इससे पहले भी ओटीटी पर रिलीज हो जाती हैं। लेकिन हम आपको बॉलीवुड की एक ऐसी फिल्म के बारे में बताने जा रहे हैं, जो थिएट्रिकल रिलीज के 45-60 दिनों के बाद नहीं, बल्कि पूरे 14 महीनों के बाद ओटीटी पर स्ट्रीम हुई है।
फिल्म 'बैडऐस रवि कुमार' की ओटीटी पर एंट्री
हम जिस फिल्म की बात कर रहे हैं वह कोई और नहीं, बल्कि हिमेश रेशमिया की फिल्म ‘बैडऐस रवि कुमार’ है। यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होने के 14 महीने बाद अब ओटीटी पर रिलीज हो गई है। 7 फरवरी 2025 को रिलीज हुई इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर सिक्का नहीं चल पाया था और यह अपना बजट भी नहीं वसूल पाई थी। अब यह फिल्म जियो हॉटस्टार (Jio Hotstar) पर हिंदी ऑडियो और अंग्रेजी सबटाइटल के साथ स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध है।
फिल्म की स्टार कास्ट और निर्देशन
‘बैडऐस रवि कुमार’ एक म्यूजिकल एक्शन फिल्म है जिसमें हिमेश रेशमिया लीड रोल में नजर आए हैं। यह मूवी 2014 की फिल्म ‘द एक्सपोज’ का स्पिन-ऑफ है। इसका निर्देशन पहली बार फिल्म बना रहे कीथ गोम्स ने किया है और इस फिल्म में कलाकारों की एक लंबी फौज नजर आई है, जिसमें प्रभु देवा, सिमोना जे, कीर्ति कुल्हारी, सनी लियोन, सौरभ सचदेवा, संजय मिश्रा, जॉनी लीवर, मनीष वाधवा, राजेश शर्मा, पवन मल्होत्रा और मोहन जोशी जैसे दिग्गज नाम शामिल हैं।
बजट और बॉक्स ऑफिस का प्रदर्शन
आंकड़ों की बात करें तो ‘बैडऐस रवि कुमार’ का निर्माण महज 20 करोड़ रुपये के बजट में किया गया था। हालांकि, फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नाकाम रही और इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन सिर्फ 11 करोड़ रुपये तक ही सीमित रह गया। 7 की रेटिंग मिली है। यह फिल्म 80 के दशक की बॉलीवुड फिल्मों को एक श्रद्धांजलि के तौर पर पेश की गई है।
डिजिटल रिलीज में देरी की मुख्य वजह
थिएटर में रिलीज होने के 14 महीने बाद डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आने की मुख्य वजह हिमेश रेशमिया और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के बीच कुछ विवाद बताए जा रहे हैं। खबरों के मुताबिक, हिमेश रेशमिया ने एक विशेष शर्त रखी थी कि ओटीटी प्लेटफॉर्म को सिर्फ पूरी फिल्म स्ट्रीम करने के राइट्स मिलेंगे। वहीं, फिल्म के सभी प्रमोशनल क्लिप, म्यूजिक वीडियो और बाकी प्रमोशनल कंटेंट उनके खुद के YouTube चैनल के लिए ही रिजर्व रहेंगे। इसी वजह से फिल्म की डिजिटल रिलीज में काफी समय लग गया।
