संयुक्त राज्य अमेरिका इस समय एक अभूतपूर्व और भीषण गर्मी की लहर यानी हीटवेव की चपेट में है। इस खतरनाक मौसम ने देश के 250वें स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक जश्न पर गहरा असर डाला है। ईस्ट कोस्ट के कई राज्यों में पड़ रही इस भीषण गर्मी की वजह से 4 जुलाई के कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्रभावित हुए हैं। तेज गर्मी और लू के कारण कई स्थानों पर पारंपरिक परेड को रद्द करना पड़ा है, जबकि कुछ कार्यक्रमों के समय में बदलाव किया गया है। प्रशासन ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे घरों से कम से कम बाहर निकलें और खुद को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त उपाय अपनाएं।
वाशिंगटन डीसी और नेशनल मॉल पर प्रभाव
अमेरिकी मौसम विभाग (NWS) द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को राजधानी वाशिंगटन डीसी में हीट इंडेक्स 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। हीट इंडेक्स वह तापमान होता है जो नमी और गर्मी के मेल से मानव शरीर को महसूस होता है। इसी भीषण स्थिति को देखते हुए नेशनल मॉल में आयोजित होने वाले ग्रेट अमेरिकन स्टेट फेयर को शुक्रवार दोपहर कुछ घंटों के लिए बंद करने का निर्णय लिया गया। आयोजकों का कहना है कि जनता, कलाकारों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों की सुरक्षा उनके लिए सर्वोपरि है और ऐसी गर्मी में कार्यक्रम जारी रखना जोखिम भरा हो सकता है।
वर्जीनिया और मैरीलैंड में कार्यक्रमों का रद्दीकरण
गर्मी की गंभीरता को देखते हुए वर्जीनिया के लीसबर्ग और मैरीलैंड के लॉरेल और टकोमा पार्क में आयोजित होने वाली स्वतंत्रता दिवस परेड को पूरी तरह से रद्द कर दिया गया है। हालांकि, वाशिंगटन में हर साल होने वाला प्रसिद्ध कैपिटल फोर्थ कॉन्सर्ट अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगा, लेकिन गर्मी के कारण इसके समय में बदलाव किया गया है। अब इस कार्यक्रम के लिए गेट शाम 7 बजे खुलेंगे और मुख्य कार्यक्रम रात 8 बजे शुरू होगा। सुरक्षा बलों और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने साथ पर्याप्त मात्रा में पानी लाएं और शरीर में पानी की कमी न होने दें।
कैपिटल फोर्थ कॉन्सर्ट और कलाकार
इस भव्य कॉन्सर्ट में पैटी ला बेले, एलन जैक्सन, शिकागो, कूल एंड द गैंग, नेशनल सिम्फनी ऑर्केस्ट्रा, यूएस आर्मी बैंड, कोरल आर्ट्स सोसायटी ऑफ वॉशिंगटन और जॉइंट आर्म्ड फोर्सेज कोरस अपनी प्रस्तुतियां देंगे। भीषण गर्मी का असर रिहर्सल पर भी पड़ा और गुरुवार शाम होने वाली रिहर्सल को आम जनता के लिए रद्द कर दिया गया। इस बार यह कॉन्सर्ट 4 जुलाई के बजाय 3 जुलाई को आयोजित किया गया है, क्योंकि 4 जुलाई को नेशनल मॉल में फ्रीडम 250 के तहत विशेष आतिशबाजी और अन्य बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है।
राष्ट्रपति का कार्यक्रम और क्षेत्रीय व्यवधान
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यक्रमों पर भी नजरें टिकी हैं। वे साउथ डकोटा के माउंट रशमोर में भाषण देंगे और वहां आयोजित आतिशबाजी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद शनिवार शाम को वे वाशिंगटन के नेशनल मॉल में भी एक संबोधन देंगे, जहां बड़े स्तर पर आतिशबाजी की योजना है और गर्मी का असर केवल समारोहों तक सीमित नहीं है; बोस्टन, नॉरिस्टाउन (पेनसिल्वेनिया) और गेटिसबर्ग नेशनल मिलिट्री पार्क में भी कार्यक्रमों के स्वरूप और समय में बदलाव किए गए हैं। परिवहन क्षेत्र में एमट्रैक ने उत्तर-पूर्वी अमेरिका की कुछ ट्रेनों को रद्द कर दिया है, क्योंकि अत्यधिक गर्मी के कारण रेलवे ट्रैक के फैलने या प्रभावित होने का खतरा रहता है।
न्यूयॉर्क सिटी और राजनीतिक विवाद
न्यूयॉर्क सिटी में गुरुवार को हीट इंडेक्स लगभग 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद वहां के मेयर जोहरान ममदानी ने नागरिकों से बिजली बचाने की अपील की ताकि ग्रिड पर दबाव कम किया जा सके। उन्होंने सुझाव दिया कि लोग अपने एयर कंडीशनर (एसी) का तापमान 25 दशमलव 5 डिग्री सेल्सियस पर रखें और गैर-जरूरी लाइटें व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बंद कर दें। हालांकि, इस सलाह पर राजनीतिक विवाद छिड़ गया है। फ्लोरिडा के सीनेटर रिक स्कॉट ने इसे कम्युनिज्म करार दिया, जबकि सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने तंज कसते हुए कहा कि सोशलिस्ट डेमोक्रेट्स अब लोगों के घरों के एसी तक पहुंच गए हैं। इन विवादों के बीच प्रशासन का मुख्य ध्यान लोगों को लू से बचाने पर केंद्रित है।
