US-China / अमेरिका ने कसा चीन की 24 कंपनियों पर शिकंजा, करती हैं चीनी सेना की मदद

AMAR UJALA : Aug 27, 2020, 08:52 AM
Delhi: चीनी कंपनियों पर अमेरिका की सख्ती बढ़ती जा रही है। अमेरिका के वाणिज्य विभाग के ब्यूरो ऑफ इंडस्ट्री एंड सिक्योरिटी ने चीन की 24 कंपनियों को उस सूची में शामिल किया है जो चीन की सेना की मदद करती है। वहीं विदेश विभाग ने इन कंपनियों से जुड़े लोगों पर वीजा पाबंदी लगा दी है। इसके मुताबिक, ये कंपनियां दक्षिण चीन सागर में चीनी सेना के बनाए कृत्रिम द्वीप के निर्माण में मदद करती है। इस द्वीप के निर्माण को लेकर चीन की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आलोचना भी हो चुकी है। लेकिन चीन ने हमेशा इसे खारिज किया है। 

वहीं, विदेश मंत्री माइक पॉम्पियो ने इन कंपनियों से जुड़े लोगों पर प्रतिबंध की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इनमें चाइना कम्युनिकेशन कंस्ट्रक्शन कंपनी (सीसीसीसी) की भी कई अनुषंगी कंपनियां शामिल हैं। 

उन्होंने कहा, आज विदेश विभाग चीन के कई नागरिकों पर पाबंदी का एलान करता है जो दक्षिण चीन सागर में निर्माण कार्य को लेकर जिम्मेदार हैं। इन लोगों को अब अमेरिका में प्रवेश नहीं मिलेगा। उनके परिवारवालों पर भी प्रतिबंध लागू होगा।  

पॉम्पियो ने कहा कि सीसीसीसी ने ही दक्षिण चीन सागर में व्यापक तबाही मचाई और यही कंपनी वन बेल्ट वन रोड परियोजना में भी शामिल है। सीसीसीसी और इसकी सहयोगी कंपनियां भ्रष्टाचार, पर्यावरण क्षति और दुनिया में दूसरे कई गलत कामों में लिप्त हैं।

बता दें कि दक्षिण चीन सागर को लेकर चीन का कई देशों के साथ विवाद है। लेकिन विरोध के बावजूद उसने यहां कृत्रिम द्वीप बनाया है। हाल ही में अमेरिका ने यहां अपने जंगी जहाज तैनात किए हैं जिसे लेकर चीन और उसके बीच गतिरोध चल रहा है। 

 



SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER