स्पोर्ट्स / विराट कोहली ने तोड़ा जुर्म के साथी का रिकॉर्ड, बने पहले भारतीय कप्तान

AMAR UJALA : Nov 24, 2019, 05:16 PM
स्पोर्ट्स डेस्क | भारतीय तेज गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन और कप्तान विराट कोहली (136) की शानदार शतकीय पारी की बदौलत टीम इंडिया कोलकाता के ईडन गार्डंस में खेले गए दूसरे व ऐतिहासिक डे नाइट टेस्ट में बांग्लादेश को पारी और 46 रन से हराकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। 

इस जीत के साथ विराट कोहली लगातार सात टेस्ट जीतने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गए हैं। पिंक बॉल टेस्ट में उन्होंने ये खास उपलब्धि हासिल की। विराट से पहले ये रिकॉर्ड पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नाम था। उनकी कप्तानी में भारत ने 2013 में लगातार छह टेस्ट जीते थे। वहीं, विराट की कप्तानी में भारत की यह लगातार सातवीं जीत है। 

विराट कोहली आस्ट्रेलिया के एलेन बार्डर को पीछे छोड़कर दुनिया के पांचवें सबसे सफल कप्तान बन गए हैं। उनकी कप्तानी में 53 मैचों में यह 33वीं जीत है। बार्डर ने 93 टेस्टों में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी करते हुए 32 मैच जीते थे। 

वहीं, इस लिस्ट में 53 टेस्ट जीतकर द.अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ पहले स्थान पर हैं, जबकि 48 जीत के साथ पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग दूसरे नंबर पर हैं। तीसरे स्थान पर स्टीव वॉ हैं। उन्होंने अपनी कप्तानी में 41 मैच जीते हैं। वेस्टइंडीज के क्लाइव लॉयड ने भी बतौर कप्तान 36 मैच जीते हैं।  

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER