Delhi MCD Mayor Election / दिल्ली मेयर चुनाव की वोटिंग शुरू , कांग्रेस ने शामिल होने से इनकार किया

Zoom News : Feb 22, 2023, 12:31 PM
Delhi MCD Mayor Election : दिल्ली को आज नया मेयर मिलेगा। पिछले साल 8 दिसंबर को दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनाव के नतीजे आए थे। इसमें AAP ने सबसे ज्यादा सीटें जीती थीं। आज AAP की शैली ओबेरॉय और BJP की रेखा गुप्ता के बीच मुकाबला है। इनके अलावा तीसरे कैंडिडेट के रूप में AAP की आशु ठाकुर भी मैदान में हैं। कांग्रेस ने मेयर चुनाव में शामिल होने से इनकार कर दिया है।


17 फरवरी को मामला सुप्रीम कोर्ट में पहुंचा जहां सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि नॉमिनेटेड मेंबर्स को वोटिंग का हक नहीं है। इसके बाद मेयर चुनाव में वोटिंग की चौथी कोशिश बुधवार को हो रही है।


मेयर चुनाव से जुड़े अपडेट्स...


  • सबसे पहले सांसद और विधायक वोटिंग करने आए, इसके बाद पार्षदों की वोटिंश चल रही है।
  • प्रोटेम स्पीकर सत्या शर्मा ने सदन में मौजूद पार्षदों से कहा कि वे शांतिपूर्वक मतदान करें।
  • कांग्रेस MCD इलेक्शन में हिस्सा नहीं ले रही है।
  • चुनाव शुरू होने से पहले MCD के बाहर भारी तादाद में सुरक्षा बल तैनात किया गया है।

जानिए आज से पहले चुनाव पर हंगामा क्यों हुआ

हंगामे की वजह LG वीके सक्सेना की ओर से मनोनीत 10 MCD सदस्यों को वोट देने की अनुमति का फैसला था। इसे लेकर AAP की मेयर प्रत्याशी शैली ओबेरॉय सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई थीं। इसमें मनोनीत पार्षदों को मेयर चुनाव में वोटिंग राइट देने के फैसले को चुनौती दी गई। 17 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट ने AAP के पक्ष में फैसला सुनाया था। 24 घंटों के अंदर नोटिस जारी करने के लिए कहा था।


मेयर के साथ डिप्टी मेयर और स्थायी समिति के छह सदस्यों के लिए 6 जनवरी, 24 जनवरी और 6 फरवरी को 3 बार कोशिशें हुईं, लेकिन हर बार भाजपा और AAP के हंगामे के बाद कार्यवाही स्थगित हो गई।


आप के पास 151 पार्षद हैं, जिनमें से 134 चुने हुए और 13 विधायक, 3 सांसद और निर्दलीय पार्षद सपोर्ट में हैं। जबकि BJP के पक्ष में 112 पार्षद हैं, जिनमें 104 चुने हुए पार्षद, 7 सांसद और 1 विधायक हैं।


SC ने कहा- नॉमिनेटेड मेंबर्स को वोटिंग का हक नहीं

दिल्‍ली मेयर चुनाव के मुद्दे पर 17 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने पहली मीटिंग में ये चुनाव करवाने के निर्देश दिए। इसके लिए 24 घंटे के अंदर नोटिस जारी करने के लिए कहा। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि नॉमिनेटेड मेंबर्स को वोटिंग का हक नहीं है।


जानिए... विवाद कहां से शुरू हुआ

LG ने मेयर चुनाव के लिए बीजेपी की पार्षद सत्या शर्मा को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया। इससे पहले AAP ने मुकेश गोयल के नाम का प्रस्ताव रखा था। सत्या के नाम पर AAP ने आपत्ति जताई। इसके बाद प्रोटेम स्पीकर सत्या ने जैसे ही LG के मनोनीत सदस्यों को शपथ दिलानी शुरू की तो AAP ने विरोध और नारेबाजी शुरू कर दी।


आम आदमी पार्टी का कहना है कि मनोनीत सदस्यों की शपथ पहले नहीं होती है, लेकिन भाजपा परंपरा बदल रही है। भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने कहा कि AAP नेताओं को नियमों की जानकारी नहीं है। इसलिए वह हंगामा कर रहे हैं। जब वे बहुमत में हैं, तो डरते क्यों हैं? यही काम आप सांसद राज्यसभा में भी करते हैं।


उधर, कांग्रेस ने मेयर चुनाव में शामिल नहीं होने का फैसला किया। आप विधायक आतिशी ने चुनाव न लड़ने के फैसले के बाद कांग्रेस पर भाजपा को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया है। मेयर के चुनाव में 273 मेंबर्स वोट डालेंगे। बहुमत के लिए 133 का आंकड़ा चाहिए। AAP के पास 150 तो BJP के पास 113 वोट हैं।


तीन बैठकों में AAP-BJP का हंगामा

6 जनवरी: MCD मुख्यालय में AAP और BJP के सदस्य आपस में भिड़ गए। हंगामे की वजह से मेयर, डिप्टी मेयर और स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया स्थगित करनी पड़ी।

24 जनवरी: 6 जनवरी को हुए हंगामे की वजह से मुख्यालय में पुलिस को तैनात करना पड़ा। हालांकि, इसके बाद दोनों पार्टियों के सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस वजह से सदन दोबारा स्थगित करना पड़ा।

6 फरवरी: मेयर चुनाव तीसरी बार टल गया। 10 नॉमिनेटेड मेंबर्स को वोट की मंजूरी मिलने के बाद भाजपा और AAP के मेंबर्स ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद MCD सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा।


273 मेंबर्स वोट डालेंगे, बहुमत AAP के पास

मेयर के चुनाव में 273 मेंबर्स वोट डालेंगे। बहुमत के लिए 138 का आंकड़ा चाहिए। कांग्रेस के गैरहाजिर होने पर 133 का आंकड़ा चाहिए। AAP के पास 134 पार्षद हैं। इसके अलावा 3 राज्यसभा सांसद और 13 विधायक हैं। भाजपा के पास 7 सांसद और 1 विधायक मिलाकर कुल 113 वोट हैं।


वहीं, कांग्रेस के 9 पार्षद और निर्दलीय दो पार्षद हैं। इस चुनाव में 250 पार्षदों के साथ 10 सांसद (7 लोकसभा सांसद और 3 राज्यसभा सांसद), 13 विधानसभा सदस्य वोट डालेंगे।


AAP की शैली ओबेरॉय और भाजपा की रेखा गुप्ता के बीच मुकाबला

मेयर के लिए आप आदमी पार्टी ने शैली ओबेरॉय को मैदान में उतारा है, जबकि BJP की ओर से रेखा गुप्ता मैदान में हैं। वहीं, डिप्टी मेयर के लिए AAP ने मोहम्मद इकबाल और BJP ने कमल बागड़ी को उम्मीदवार बनाया है।हालांकि, 134 पार्षद के साथ AAP बहुमत में सबसे आगे है। इसके अलावा 3 राज्यसभा सांसद और 13 विधायक हैं। इस लिहाज से शैली मेयर चुना जाना लगभग तय है।


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER