टोक्यो / ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा के लिए अब तक किन इनामों का हुआ है ऐलान?

हरियाणा सरकार ने ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा के लिए ₹6 करोड़ नकद इनाम और उन्हें ग्रेड ए की नौकरी देने की घोषणा की है। पंजाब सरकार ने ₹2 करोड़ पुरस्कार राशि देने का ऐलान किया है जबकि मणिपुर सरकार, बीसीसीआई और सीएसके नीरज को ₹1-₹1 करोड़ का इनाम देगी। भारतीय ओलंपिक संघ नीरज को ₹75 लाख बतौर इनाम देगा।

नई दिल्ली: निजी विमानन कंपनी इंडिगो ने शनिवार को घोषणा की कि वो टोक्यो ओलिंपिक की भाला फेंक प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने वाले एथलीट नीरज चोपड़ा को एक साल तक असीमित निशुल्क यात्रा करने की सुविधा देगी. चोपड़ा ने टोक्यो ओलिंपिक की भाला फेंक प्रतियोगिता में सोने का तमगा हासिल कर इतिहास रच दिया. ओलिंपिक की व्यक्तिगत स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज दूसरे भारतीय बन गए हैं, जबकि एथलेटिक्स में ओलिंपिक मेडल हासिल करने वाले नीरज पहले भारतीय हैं.

इंडिगो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रोनोजॉय दत्त ने एक बयान में कहा कि नीरज हम सभी आपकी उपलब्धि के बारे में सुनकर बहुत खुश हुए हैं. आपने देश को गौरवान्वित किया है. मैं जानता हूं कि इंडिगो के सभी कर्मचारी हमारी किसी भी उड़ान में आपका स्वागत करने पर सम्मानित महसूस करेंगे. उन्होंने कहा कि पूरी विनम्रता के साथ हम आपको एक साल के लिए इंडिगो के विमानों में निशुल्क यात्रा करने की सुविधा देना चाहते हैं.

अगले साल 7 अगस्त तक निशुल्क यात्रा करने की सुविधा

साथ ही कहा कि आपने हमें दिखाया है कि कड़ी मेहनत, चुनौतियों के बावजूद वापसी करने की क्षमता और जुनून क्या हासिल कर सकता है. मुझे पूरा विश्वास है कि आप भविष्य के भारतीय एथलीटों के लिए एक प्रेरणास्रोत साबित होंगे. शानदार प्रदर्शन नीरज. कंपनी ने कहा कि नीरज इंडिगो की उड़ानों में अगले साल सात अगस्त तक निशुल्क उड़ान भर सकते हैं.

हरियाणा में पानीपत के नजदीक खांद्रा गांव के एक किसान के 23 साल के बेटे नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलिंपिक में भाला फेंक के फाइनल में अपने दूसरे प्रयास में 87.58 मीटर भाला फेंककर दुनिया को स्तब्ध कर दिया. एथलेटिक्स में पिछले 100 सालों से अधिक समय में ट्रैक एंड फील्ड मुकाबले में भारत का ये पहला ओलिंपिक गोल्ड मेडल है.

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER