Lok Sabha Elections / देश ने तीसरी बार मोदी सरकार बनाने का मन क्यों बनाया?- PM मोदी ने बताया

Vikrant Shekhawat : May 26, 2024, 12:47 PM
Lok Sabha Elections: लोकसभा चुनाव के आखिरी फेज की वोटिंग 1 जून को है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी रविवार को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ज्येष्ठ का ये महीना हमारी परंपरा में विशेष होता है। इसका हर मंगलवार बहुत खास होता है। इस बार ये बुढ़वा मंगल और भी विशेष है, क्योंकि 500 साल बाद ये पहला बड़ा मंगल होने वाला है, जब बजरंगबली के भगवान राम अयोध्या में अपने भव्य मंदिर में विराजमान होंगे। ये इतनी बड़ी खुशी है कि सबसे ज्यादा बजरंगबली खुश होते होंगे। 500 साल बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर, बजरंग बली की खुशी, ये मंगल अवसर किसके कारण आया? ये पुण्य काम किसने किया? इतना बड़ा पुण्य काम आपके एक वोट ने किया है। ये आपके वोट की ताकत है कि आज राम मंदिर भी बना है। जैसा योगी जी ने कहा कि यहां मां विंध्यवासिनी का भव्य नव्य कॉरिडोर भी बन रहा है। संयोग देखिए 4 जून को भी बड़ा मंगल है। 6 चरणों में देश ने तीसरी बार बीजेपी-एनडीए की बहुत मजबूत सरकार बनाना पक्का कर दिया है। भारत ने तीसरी बार मोदी सरकार बनाने का मन क्यों बनाया, इसका सीधा-सीधा कारण नेक नीयत, नेक नीतियां और नेशन फर्स्ट है।

पीएम ने एक उदाहरण देकर बताया, जब हम अपना घर बनवाते हैं तो एक मिस्त्री को तय कर रख लेते हैं, लेकिन क्या हर महीने मिस्त्री बदलते हैं। अगर हर महीने मिस्त्री बदलने लगे तो फिर घर बनेगा क्या, जो घर बनेगा वो दिखाने या रहने लायक या अच्छा बनेगा क्या? बार-बार मिस्त्री नहीं बदलते। ये सपा-कांग्रेस-इंडी गठबंधन कहता है कि पांच साल में पांच प्रधानमंत्री? क्या कोई पांच साल में पांच प्रधानमंत्री रखता है क्या? जब कोई प्रधानमंत्री कुर्सी बचाने में ही लगा रहेगा, तो क्या मजबूत देश बना सकता है? इसलिए देश ने तय किया है कि मजबूत देश के लिए प्रधानमंत्री भी मजबूत होना चाहिए। तभी एनडीए को इतना भारी जनादेश मिल रहा है। समाजवादी पार्टी को वोट कर कोई भी अपना वोट बर्बाद नहीं करना चाहता। 

उन्होंने आगे कहा, हमारे उत्तर प्रदेश के लोग राजनीति को समझने में बड़े माहिर हैं। कोई समझदार कभी भी डूबती कंपनी का शेयर खरीदेगा क्या? जो डूबता है उसमें कोई पैसा डालेगा क्या? सामान्य इंसान वोट उसी को डालेगा जिसकी सरकार बनना तय है। आप मिर्जापुर में चौराहे पर जाकर खड़े रहिए। पूछते तो 100 में से 90 लोग वहीं बोलेंगे? इंडी गठबंधन वाले को देश अच्छी तरह जान गया है। ये लोग घोर साम्प्रदायिक हैं, ये लोग घोर जातिवादी और परिवारवादी हैं। जब भी इनकी सरकार बनती है, तो इसके आधार पर ही फैसला लेते हैं। हमारे यादव समाज में इतने होनहार लोग हैं, लेकिन उन्होंने अपने परिवार को लोगों को ही टिकट दिया। इतने दशकों तक देश ने बम धमाके झेले हैं। आतंकवाद ने सैंकड़ों जीवन तबाह किए हैं। समाजवादी पार्टी और कानून व्यवस्था का छत्तीस का आंकड़ा है। जो आतंकी पकड़े जाते थे उसे भी सपा वाले छोड़ देते थे। अगर पुलिस अधिकारी आनाकानी करता था, तो सपा सरकार पुलिस वाले को सस्पेंड कर देती थी। मिर्जापुर को इन्होंने बदनाम कर रखा था। इन्होंने पूरे यूपी को, पूर्वांचल को माफिया का सुरक्षित ठिकाना बना दिया था। जीवन हो या जमीन कब छीन जाए कोई नहीं जानता था। सपा सरकार में माफिया को भी वोट बैंक के हिसाब से देखा जाता था।

अपनी चुनावी सभा में पीएम ने कहा,अब यहां योगी जी मेरे स्वच्छता अभियान को बराबर चला रहे हैं। सपा सरकार में जनता कांप रही थी अब भाजपा सरकार में माफिया थर-थर कांप रहा है। अपने वोट बैंक को खुश करने के लिए इंडी गठबंधन वाले, समाजवादी पार्टी वाले कोई भी हद पार कर सकते हैं। अब तो इनके निशाने पर हमारा पवित्र संविधान भी है। ये दलित, पिछड़े, आदिवासियों का हक लूटना चाहते हैं। संविधानस साफ-साफ कहता है कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं हो सकता है। 2012 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के समय में जनवरी महीने में सपा ने अपना घोषणापत्र जारी किया था, तब सपा सरकार ने कहा था कि जैसे दलित, पिछड़ों को आरक्षण मिला है, वैसे ही मुसलमानों को दिया जाएगा।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER