Rajasthan News / क्या धारीवाल-कल्ला सहित 20 विधायक चुनाव नहीं लड़ेंगे? देखिये रंधावा ने कहा था.

Zoom News : Jun 12, 2023, 07:13 PM
Rajasthan News: कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा का बयान : ‘बड़ी उम्र वाले लोगों को अपने आप ही कुर्सी का मोह त्याग देना चाहिए। इसमें कहने की जरूरत नहीं होती है। राजनीति में कटऑफ एज नहीं हो सकती। कांग्रेस ऐसी पार्टी है, जो युवाओं को मौका देती है। कांग्रेस बुजुर्ग और अनुभवी नेताओं को साथ लेकर चलती है। युवाओं को आगे बढ़ाते रहते हैं।’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक भरत सिंह कुंदनपुर का बयान : ‘गहलोत जी खुद प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहें कि मैं मुख्यमंत्री का दावेदार नहीं हूं। नए लोगों को आगे करूंगा। कल ही नक्शा पलट जाएगा। यह मोह माया है, छूटती नहीं है। मुझे किसी ने कहा थोड़े ही है कि अगला चुनाव मत लड़ो। यह तो मैं कह रहा हूं कि चुनाव नहीं लड़ूंगा। यह बात मुख्यमंत्री को बोलनी चाहिए। बेटे को आगे करें कि एमएलए बनाओ। नए लोगों को आगे आने दो।’

एक के बाद एक आए इन बयानों से कांग्रेस में एक बार फिर युवा और उम्रदराज नेताओं की बहस छिड़ गई है। वह भी उस दौर में जब युवा और अनुभवी नेताओं के बीच प्रदेश में आपसी खींचतान चरम पर है।

रंधावा ने बयान में ये भी दावा किया कि कांग्रेस युवाओं को मौका देने वाली पार्टी है। रंधावा के बयान पर हमने कांग्रेस सरकार के तमाम मंत्रियों सहित सभी 106 विधायकों की उम्र की स्कैनिंग की। इससे सामने आया कि रंधावा का बयान सिर्फ बयान से ज्यादा कुछ नहीं है। उन्होंने कहा था कि बड़ी उम्र वाले लोगों को अपने आप ही पद त्याग देना चाहिए। अगर सच में ऐसा होता है तो 60 साल से ज्यादा उम्र के 45 विधायकों को इस्तीफा देना पड़ेगा, जिनमें कई बड़े नाम भी शामिल हैं।

106 में 75 विधायकों की उम्र 50 से ज्यादा

कांग्रेस के फिलहाल सरकार में कुल 106 विधायक हैं। इनमें से 30 मंत्री हैं। इन विधायकों में 14 महिला विधायक हैं। वहीं मंत्रियों की बात करें तो 3 महिला मंत्री हैं।

106 विधायकों में से कांग्रेस के 75 विधायक ऐसे हैं जिनकी उम्र 50 साल या उससे ज्यादा है। सिर्फ 31 विधायक ही ऐसे हैं जिनकी उम्र 50 साल से कम है। वहीं, अगर बात मंत्रियों की हो तो 30 में से 26 ऐसे हैं जिनकी उम्र 50 या उससे ज्यादा है। 50 से कम उम्र वालों में सिर्फ अशोक चांदना, भंवर सिंह भाटी, टीकाराम जूली और सालेह मोहम्मद हैं। इनमें भी 40 साल से कम उम्र के सिर्फ एकमात्र खेलमंत्री अशोक चांदना हैं।

ये था संकल्प : कांग्रेस ने पिछले साल उदयपुर में हुए चिंतन शिविर में संकल्प लिया था कि पार्टी में युवाओं को ज्यादा से ज्यादा मौका दिया जाएगा। सत्ता और संगठन दोनों में 50 साल से कम उम्र के 50 प्रतिशत लाेग होंगे। इनमें टिकट और संगठन के पद दोनों शामिल हैं। कांग्रेस यह फाॅर्मूला 2024 से लागू करेगी। मगर इस आधार पर जब राजस्थान कांग्रेस में सत्ता की भागीदारी को देखते हैं तो हालात कुछ अलग ही नजर आते हैं।

70 साल से ज्यादा के 9 मंत्री

मंत्रियों की बात करें तो कांग्रेस में 70 साल या उससे ज्यादा उम्र के 9 मंत्री हैं। इनमें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी भी शामिल हैं। इनके अलावा शांति धारीवाल, परसादीलाल मीणा, हेमाराम चौधरी, बीडी कल्ला, सुखराम विश्नोई, बृजेंद्र ओला, उदयलाल आंजना की उम्र भी 70 से ज्यादा है।

60 साल से ज्यादा के 7 मंत्री

60 साल या उससे ज्यादा उम्र के भी 7 मंत्री कांग्रेस की सरकार में हैं। इनमें मुख्य सचेतक रहे महेश जोशी सहित मुरारीलाल मीणा, राजेंद्र सिंह यादव, गोविंद मेघवाल, महेंद्रजीत मालवीय, रमेश मीणा और विश्वेंद्र सिंह शामिल हैं।

50 साल से ज्यादा के 10 मंत्री

सबसे ज्यादा 10 मंत्री 50 से 60 की उम्र के बीच हैं। जाहिदा खान, राजेंद्र गुढ़ा, अर्जुन बामनिया, शकुंतला रावत, भजनलाल जाटव, ममता भूपेश, रामलाल जाट, प्रताप सिंह खाचरियावास, प्रमोद जैन भाया और लालचंद कटारिया शामिल हैं। महिलाओं की बात करें तो सरकार की तीनों महिला मंत्री इसी एज ग्रुप से हैं।

विधायकों की औसत उम्र 57.70, मंत्रियों की 60.66

कांग्रेस के विधायकों की औसत उम्र की बात करें तो यह 57.70 वर्ष है। इससे ये साफ पता चलता है कि मोटे तौर पर कांग्रेस की सरकार और मंत्रिमंडल में 57 या उससे अधिक उम्र के विधायक हैं। वहीं मंत्रिमंडल में तो यह और भी ज्यादा बढ़ जाती है। कांग्रेस के मंत्रिमंडल की औसत उम्र 60.66 है। यानी औसतन मंत्री 60 साल या उससे अधिक उम्र के हैं।

4 विधायकों की उम्र 80 से ज्यादा

अगर विधायकों पर नजर डालें तो 80 साल या उससे ज्यादा उम्र के 4 विधायक हैं। इनमें बाड़मेर के शिव से विधायक अमीन खान (84) सबसे उम्रदराज विधायक हैं। उनके अलावा तीन और विधायक इस कैटेगरी में हैं। रामनारायण मीणा (80), जौहरीलाल मीणा (83) और दीपेद्र खैरिया (82) भी 80 प्लस हैं।

20 विधायक 70 साल से ज्यादा के

वहीं 20 विधायक ऐसे हैं, जिनकी उम्र 70 से 80 के बीच है। भरत सिंह कुंदनपुर भी इसी कैटेगरी में शामिल हैं। इसके अलावा इस कैटेगरी में विनोद कुमार, सुरेश मोदी, राजेंद्र पारीक, परसराम माेरदिया, जेपी चंडेलिया, गुरमीत सिंह, जितेंद्र सिंह, दयाराम परमार, दीपेंद्र सिंह शेखावत के नाम भी हैं। इनके अलावा भरोसी लाल जाटव, मंत्री सुखराम विश्नोई, मंत्री बृजेंद्र ओला, मंत्री उदयलाल आंजना, मंत्री परसादीलाल मीणा, मंत्री शांति धारीवाल, मंत्री हेमाराम चौधरी, मंत्री बीडी कल्ला, विधानसभाध्यक्ष सीपी जोशी और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नाम भी शामिल हैं।

60 से 70 साल के 21 विधायक

इसी तरह 21 विधायक ऐसे हैं जिनकी उम्र 60 से 70 के बीच है। इनमें रूपाराम धनदेव, राकेश पारीक, राजेंद्र बिधूड़ी, पृथ्वीराज मीणा, नरेंद्र बुढानिया, मेवाराम जैन, जगदीश चंदेर, हीराराम मेघवाल, हरीश मीणा, गायत्री त्रिवेदी, गंगा देवी, जीआर खटाना, बाबूलाल बैरवा, रघु शर्मा शामिल हैं। इनके अलावा मंत्री मुरारीलाल मीणा, मंत्री राजेंद्र सिंह यादव, मंत्री गोविंद मेघवाल, मंत्री महेश जोशी, मंत्री महेंद्रजीत मालवीय, मंत्री रमेश मीणा और मंत्री विश्वेंद्र सिंह के नाम भी इस फेहरिस्त में हैं।

50-60 साल के सबसे ज्यादा 30 विधायक

कांग्रेस में सबसे ज्यादा 30 विधायकाें की उम्र 50 से 60 के बीच है। इनमें कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पंजाब के प्रभारी हरीश चौधरी भी हैं। इसके अलावा इस लिस्ट में वीरेंद्र सिंह, सुदर्शन सिंह रावत, सोफिया जुबैर, रोहित बोहरा, रीटा चौधरी, रफीक खान, पदमराम मेघवाल, मीना कंवर, लखन सिंह, कृष्ण राम विश्नोई के भी नाम हैं। 50 प्लस वाले विधायकों में खिलाड़ीलाल बैरवा, जोगिंदर अवाना, हाकम अली खान, अनिल शर्मा, अशोक बैरवा, अमीन कागजी, अमर सिंह जाटव, महेंद्र चौधरी के नाम भी शामिल हैं। मंत्रियों की बात करें तो जाहिदा खान, जाहिदा खान, राजेंद्र गुढ़ा, अर्जुन बामनिया, शकुंतला रावत, भजनलाल जाटव, ममत भूपेश, रामलाल जाट, प्रताप सिंह खाचरियावास, प्रमोद जैन भाया और लालचंद कटारिया का नाम भी इस लिस्ट में है।

40-50 साल के 21 विधायक

वहीं, 21 विधायक ऐसे भी हैं जिनकी उम्र 40 से 50 के बीच है। इनमें पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट भी शामिल हैं। वाजिब अली, वेदप्रकाश सोलंकी, संदीप यादव, प्रशांत बैरवा, पानाचंद मेघवाल, निर्मला सहारिया, मनोज मेघवाल, मंजू मेघवाल, मनीषा पंवार का नाम भी इस लिस्ट में हैं। इनके अलावा महेंद्र सिंह विश्नोई, मदन प्रजापत, इंद्राज गुर्जर, गोपाल लाल मीणा, गिर्राज सिंह मलिंगा, राजकुमार शर्मा, कृष्णा पूनिया, चेतन डूडी, मंत्री भंवर सिंह भाटी, मंत्री टीकाराम जूली और मंत्री सालेह मोहम्मद भी 40 से 50 की कैटेगरी में हैं।

30 से 40 साल के 10 विधायक

कांग्रेस में 30 साल या उससे ज्यादा उम्र के सिर्फ 10 ही विधायक हैं। इनमें सबसे युवा परबतसर विधायक रामनिवास गावड़िया हैं। उनकी उम्र 32 साल है। उन्हीं के साथी लाडनूं विधायक मुकेश भाकर भी उन्हीं के बाद हैं। उनकी उम्र 34 साल है। इसी तरह ओसियां विधायक दिव्या मदेरणा भी इसी कैटेगरी में हैं। इनके अलावा विजयपाल मिर्धा, रामलाल मीणा, इंद्रा मीणा, गणेश घोघरा, दानिश अबरार, अमित चाचण, मंत्री अशोक चांदना के नाम इस लिस्ट में हैं।

सचिन पायलट के समर्थकों में युवा ज्यादा

खेमेबाजी में फंसी कांग्रेस की बात करें तो सचिन पायलट के खेमे में या उनका समर्थक करते दिखे विधायकों में युवा ज्यादा हैं। 30 से 50 की उम्र के विधायकों की बात करें तो इनमें कई ऐसे विधायक हैं जो सचिन खेमे से हैं। इनमें मुकेश भाकर, रामनिवास गावड़िया, दिव्या मदेरणा, इंद्रा मीणा, वेदप्रकाश सोलंकी सहित कई हैं। वहीं, गहलोत खेमे के ज्यादातर विश्वासपात्र विधायक उम्रदराज हैं। इनमें 25 सितंबर को हुई बगावत में अहम रोल अदा और नोटिस पाने वाले शांति धारीवाल और महेश जोशी शामिल हैं।

महिलाओं की औसत उम्र 50 साल, इंद्रा मीणा सबसे युवा

महिलाओं की बात करें तो ज्यादा उम्रदराज विधायक या मंत्री नहीं हैं। तीनों महिला मंत्री 55 साल से कम उम्र की हैं। 14 महिला विधायकों की औसत उम्र 50.21 साल है। इनमें इंद्रा मीणा सबसे युवा महिला विधायक हैं। उनकी उम्र 36 साल है। वहीं पुरुष विधायकों की बात करें तो उनकी औसत उम्र 58.84 है।

कांग्रेस के 4 सीएम, इनमें 3 की उम्र 60 पार

देशभर में फिलहाल कांग्रेस की सरकार 4 राज्यों में हैं। इन चारों में कांग्रेस के सीएम उम्रदराज हैं। इनमें 3 की उम्र 60 पार है। कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया की उम्र 75 वर्ष है। वहीं, राजस्थान के अशोक गहलोत 71 साल के हैं। इसी तरह छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल 61और हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू 59 साल के हैं। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री जब कमलाथ बने थे तब वे 72 साल के थे।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER