दिल्ली / छठ पूजा समारोह पर प्रतिबंध लगाकर दिल्ली सरकार ने पूर्वांचलियों का अपमान किया: तिवारी

बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजधानी में छठ पूजा समारोहों पर प्रतिबंध लगाकर अरविंद केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में रहने वाले पूर्वांचल के लाखों लोगों का अपमान किया है। उन्होंने आगे कहा कि अगर यह प्रतिबंध वापस नहीं लिया जाता है तो वह पूर्वांचलियों के साथ ‘बड़ा विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।'

नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनोज तिवारी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजधानी में छठ पूजा समारोहों पर प्रतिबंध लगा कर केजरीवाल ने लाखों पूर्वांचलियों का अपमान किया है।

तिवारी ने छठ पूजा समिति के लोगों के साथ अपने आवास पर बैठक की। उन्होंने कहा कि अगर यह प्रतिबंध वापस नहीं लिया जाता है, तो वह पूर्वांचलियों के साथ ‘बड़ा विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

गौरतलब है कि दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने आधिकारिक आदेश में कहा है, ‘‘सार्वजनिक स्थानों पर छठ पूजा की अनुमति नहीं दी जाएगी और लोगों को सलाह दी जाती है कि वे इसे अपने घरों में ही मनाएं।’’

तिवारी ने कहा, ‘‘छठ पूजा पर यह प्रतिबंध लगा कर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में रहने वाले लाखों पूर्वाचलियों का अपमान किया है।

आम आदमी पार्टी की ओर से तिवारी के बयान पर तत्काल प्रतिक्रिया नहीं मिल पायी है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER