क्राइम / 122 चीनी को लिया हिरासत में, कर रहे हैं बैंक फ्रॉड और साइबर क्राइम

Zoom News : Dec 24, 2019, 04:09 PM
नई दिल्ली. नेपाल पुलिस ने टूरिस्ट वीजा पर देश में घुसे 122 चीनी नागरिकों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि टूरिस्ट वीजा के नाम पर देश में विदेशी आते हैं और अपराधों को अंजाम देते हैं। ऐसे विदेशियों को पकड़ने का यह पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। काठमांडू में पुलिस प्रमुख उत्तम सुबेदी ने बताया कि सूचना मिली थी कि विदेशी नागरिक संदिग्ध गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं, जिसके बाद सोमवार को छापेमारी में 122 चीनी पुरुषों और महिलाओं को गिरफ्तार किया गया।

पहली बार इतनी बड़ी संख्या में गिरफ्तार हुए चीनी नागरिक

रॉयटर्स की खबर के मुताबिक, संदेह है कि यह चीनी नागरिकों साइबर क्राइम को अंजाम दे रहे हैं। वे बैंकों की कैश मशीनों में हैकिंग कर रहे हैं। सुबेदी ने बताया कि इन सभी संदिग्ध अपराधियों को अलग-अलग पुलिस स्टेशनों में रखा गया है और उनके पासपोर्ट और लैपटॉप-कंप्यूटर को सीज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि यह पहली बार है जब इतने सारे विदेशियों को संदिग्ध आपराधिक गतिविधियों के लिए गिरफ्तार किया गया है।

एशियाई देशों में लगातार गिरफ्तार होते हैं चीनी

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि चीनी राजदूत को इस बारे में सूचना दे दी गई थी और उन्होंने संदिग्धों की गिरफ्तारी का समर्थन किया है। एशियाई देशों में चीनी लोगों को नियमित रूप से गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त होने के चलते गिरफ्तार किया जाता रहता है। इसमें चीन में बैंक फ्रॉड के मामले भी शामिल हैं। पिछले हफ्ते फिलीपींस में अधिकारियों ने छापेमारी करके बिना लाइसेंस के जुआ खेलने के कारण 342 चीनी कर्मियों को अरेस्ट किया था। सितंबर में पुलिस ने बैंक कैश मशीनों को हैक करके पैसा चुराने के चलते पांच चीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया था। इस साल चीनी नागरिकों को तस्करी का सोना ले जाने के चलते गिरफ्तार हुए थे।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER