हिमाचल प्रदेश / हिमाचल में बीते 24 घंटों में 14 लोगों की मौत, कुल्लू में पानी का बहाव बहुत ज़्यादा: सरकार

Zoom News : Jul 29, 2021, 07:43 AM
शिमला: हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में पिछले 24 घंटे में बारिश और बाढ़ की वजह से 14 लोगों की मौत हुई है। जिनमें 10 मौतें लाहौल में तो 4 कुल्लू में हुई है। लाहौल में मात्र 3 शवों को बरामदगी हुई है। राज्य के मुख्य सचिव अनिल खाची ने कहा कि कुल्लू में जल प्रवाह बहुत अधिक है इसलिए हमे शव निकालने में दिक्कत हो रही है।

कुल्लू में बादल फटने के बाद ब्रह्म गंगा नदी में अचानक बाढ़ आ गई। कुल्लू से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने चश्मदीदों का हवाला देते हुए कहा कि क्षेत्र में भारी बाढ़ आई है। मैं प्रशासन से प्रभावित लोगों को राहत देने का अनुरोध करता हूं। वहीं, मुख्य सचिव ने कहा कि कई सड़कें खोल दी गई हैं। मेरा मानना है कि कम बारिश की स्थिति में 90 फीसदी सड़कें फिर से खोली जा सकती है। आईएमडी की एडवाइजरी के अनुसार अगले 48 घंटों तक मौसम खराब रहने की संभावना है। लोगों से अपील है कि लोग आवश्यक होने पर ही यात्रा करें। 

राज्य आपदा प्रबंधन निदेशक सुदेश कुमार मोख्ता ने बताया कि लाहौल-स्पीति में उदयपुर में तोजिंग नाले पर बादल फटने से आई बाढ़ में सात लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि चम्बा जिले में दो लोगों की मौत हुई है। मोख्ता ने कहा कि लाहौल-स्पीति के उदयपुर में मंगलवार की रात लगभग आठ बजे अचानक आई बाढ़ में 12 मजदूर बह गए। सात शव बरामद किए गए, दो को बचा लिया गया जबकि तीन अभी भी लापता हैं। मरने वालों में चार हिमाचल प्रदेश के मंडी के हैं जबकि एक जम्मू-कश्मीर के रियासी का है। दो शवों की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER