Coronavirus / 24 घंटे में 21 लाख संक्रमित मिले; 2 ओमिक्रॉन संक्रमित मिलने पर चीन की 55 लाख आबादी वाले शहर में लॉकडाउन

Zoom News : Jan 11, 2022, 05:08 PM
दुनिया में बीते 24 घंटे में 21.04 लाख नए संक्रमितों की पहचान हुई है। 9.55 लाख लोग ठीक हुए हैं और 4,608 लोगों की मौत हुई है। इस बीच चीन के अनयांग शहर में 2 ओमिक्रॉन संक्रमित मिलने के बाद लॉकडाउन लगा दिया गया है। इस शहर की आबादी 55 लाख है।

इससे पहले यहां के 1 करोड़ 30 लाख आबादी वाले शीआन शहर और 11 लाख की आबादी वाले युझोउ शहर में लॉकडाउन लगाया जा चुका है। चीन में अब कुल 1.96 करोड़ आबादी लॉकडॉउन में है। बड़े पैमाने पर कोविड जांच के लिए यह लॉकडॉउन लगाया गया है।

चीनी मीडिया की सोमवार देर रात रिपोर्ट के मुताबिक, शहर के लोगों को अपने घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। गैर-जरूरी वाहनों को बाहर निकलने पर भी रोक लगा दी गई है। वहीं, सभी दुकानों को बंद करने का आदेश दिया गया है।

दुनिया में अब तक कोरोना मामलों की स्थिति

कुल संक्रमित: 30.84 करोड़

ठीक हुए: 25.98 करोड़

एक्टिव केस: 4.30 करोड़

कुल मौतें: 55.07 लाख

दुनिया में कोरोना के अन्य अपडेट्स...

नए केस के मामले में भारत दूसरे नंबर पर पहुंचा, अमेरिका अभी भी टॉप पर

नए संक्रमितों के मामले में अमेरिका 6.73 लाख मरीजों के साथ टॉप पर है, जबकि 1.67 लाख के साथ भारत दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। वहीं, 1.42 लाख के साथ ब्रिटेन तीसरे नंबर पर है। पिछले दिन के मुकाबले कोरोना के नए मामलों में 3.02 लाख की कमी आई है। दुनिया में सोमवार को 24.04 लाख नए संक्रमित मिले थे।

रविवार को (1.79 लाख) सोमवार के मुकाबले ज्यादा केस मिले थे, इसके बावजूद भारत तीसरे नंबर पर था। एक्टिव केस के मामले में भी अमेरिका टॉप पर है। पूरी दुनिया में 4.48 करोड़ एक्टिव केस हैं। इनमें से 2.11 करोड़ अकेले अमेरिका में हैं।

पूरी दुनिया में अब तक करीब 31 करोड़ से ज्यादा लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 26 करोड़ ठीक हो चुके हैं। 55.11 लाख ने जान गंवाई है। 8.61 लाख मौतों के साथ अमेरिका टॉप पर है। वहीं, 6.20 लाख मौतों के साथ ब्राजील दूसरे और 4.84 लाख के साथ भारत तीसरे नंबर पर है।

मुश्किल में जर्मनी सरकार, पाबंदियों के विरोध में हजारों लोग सड़कों पर उतरे

यूरोपीय देशों में एक बार फिर कोरोना के चलते पाबंदियां लगनी शुरू हो गईं। सरकार ने पाबंदियां लगाईं तो इनका विरोध भी शुरू हो गया। ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार को जर्मनी के कई शहरों में पाबंदियों के विरोध में प्रदर्शन हुए। इनमें हजारों लोगों ने शिरकत की। दूसरी तरफ, इटली सरकार वैक्सीनेशन को लेकर सख्त रुख अपनाने जा रही है।

खास बात ये है कि जर्मनी में 2 हफ्ते के दौरान 91% जबकि इटली में 300% कोरोना और ओमिक्रॉन के मामले बढ़ गए। अब पूरे यूरोप में सरकारें वैक्सीनेशन और बूस्टर डोज को मेंडेटरी करने जा रही हैं। यूरोपीय यूनियन में 69% लोग पूरी तरह वैक्सीनेटेड हैं। अगर इटली और जर्मनी की बात करें तो इटली में 75% जबकि जर्मनी में 72% लोग फुली वैक्सीनेटेड हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER