Gold Smuggling / मुंबई एयरपोर्ट पर 61 किलो गोल्ड पकड़ा गया, 7 लोग गिरफ्तार

Zoom News : Nov 13, 2022, 08:07 PM
Gold Smuggling: मुंबई एयरपोर्ट पर शुक्रवार को कस्टम के अधिकारियों ने बड़ी मात्रा में सोना जब्त किया। इसके साथ ही अधिकारियों ने 2 महिलाओं समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। कस्टम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि, "शुक्रवार को जांच के दौरान दो अलग-अलग मामलों में 7 लोग गिरफ्तार किये गए और उनके पास से 61 किलो सोने की बरामदगी की गई।" उन्होंने बताया कि यह मुंबई एयरपोर्ट कस्टम्स के इतिहास में एक दिन में सबसे ज्यादा जब्ती है।

चारों यात्रियों को 14 दिन की रिमांड पर भेजा गया 

कस्टम विभाग ने पहले मामले में चार भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया, जो तंजानिया से आए थे। इन चारों ने एक स्पेशल डिजाइन की हुई बेल्ट पहन रखी थी। जिसमें सोना छिपाया हुआ था। कस्टम के एक अधिकारी ने कहा कि चार यात्रियों से कुल 53 किलोग्राम सोना 28.17 करोड़ रुपये मूल्य का बरामद किया गया। संयुक्त अरब अमीरात UAE से डिजाइन किए गए बेल्ट में छुपाकर सोने को यात्रियों को दोहा हवाई अड्डे पर सूडानी देश के एक व्यक्ति द्वारा सौंपा गया था। सभी चार यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और 14 दिनों के न्यायिक रिमांड पर लिया गया है।

दोनों मामलों में जांच कर रही है पुलिस 

इस बीच एक अन्य मामले में खुफिया जानकारी के आधार पर मुंबई हवाईअड्डे के अधिकारियों ने तीन यात्रियों के पास से 3.88 करोड़ रुपये मूल्य का 8 किलो सोना जब्त किया। वह दुबई से फ्लाइट के जरिए पहुंचे। मोम के रूप में सोने को जींस पैंट की कमर में छिपाकर लाया जा रहा था। तीन यात्रियों में से, एक महिला यात्री व्हीलचेयर पर थी। तीनों यात्रियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER