इंडोनेशिया में तालिबानी सजा / शादीशुदा महिला को गैर पुरुष से संबंध बनाने पर सरेआम 100 कोड़ों की सजा, गुनहगार मर्द को सिर्फ 15 कोड़े लगे

Zoom News : Jan 14, 2022, 07:43 PM
इंडोनेशिया में एक शादीशुदा महिला को गैर पुरुष से संबंध बनाने पर तालिबानी सजा का सामना करना पड़ा। पुरुष भी विवाहित था। जुर्म कबूल करने पर महिला को सरेआम 100 कोड़े मारे गए। जबकि पुरुष को सिर्फ 15 कोड़े मारे गए। महिला को लगातार 100 कोड़े मारे जाने थे, लेकिन वो दर्द सहन नहीं कर पाई तो कुछ देर के लिए यह हैवानियत रोक दी गई। घटना के वीडियो और फोटोज भी सामने आए हैं।

क्या है मामला?

घटना इंडोनेशिया के ऐच राज्य की है। यहां कट्टरपंथी हावी हैं और उनकी ही सरकार है। यहां पुलिस डिपार्टमेंट के जांच अधिकारी इवान नजर अलावी ने बताया- हमारे कोर्ट ने एक शादीशुदा महिला और गैर पुरुष को अवैध संबंधों के आरोप में सजा सुनाई है। पुरुष भी पहले से विवाहित था। इनके संबंधों की जांच की कई तो महिला ने जुर्म कबूल कर लिया। हालांकि, पुरुष ने आरोपों को गलत बताया।

कोर्ट ने महिला को सरेआम 100 कोड़े मारे जाने की सजा सुनाई। पुरुष को इसी जुर्म में 15 कोड़े मारे जाने का आदेश दिया गया। यह शख्स इलाके में काफी रसूखदार है।

शरिया के हिसाब से सजा

इंडोनेशिया मुस्लिम देश है। ऐच प्रांत में तो खासतौर से सख्त सजाएं सुनाई जाती हैं। अधिकारी ने कहा- ट्रायल के दौरान पुरुष ने तमाम आरोप नकार दिए। जजों के लिए उसे दोषी ठहराना मुश्किल था। ऐच में जुआ खेलना, शराब पीना और समलैंगिकता की बेहद सख्त सजा है, क्योंकि यहां शरिया कानून लागू हैं। पुरुष को पत्नी के अलावा दूसरी महिला की तरफ रुझान रखने का कसूरवार पाया गया। 2018 में पुरुष और महिला को कुछ स्थानीय लोगों ने आपत्तिजनक हालत में पकड़ा था। तब से केस चल रहा था। पहले पुरुष को 30 कोड़े मारे जाने की सजा सुनाई गई थी। बाद में सुप्रीम कोर्ट ने इसे 15 कोड़े मारने में तब्दील कर दिया।

लोगों ने वीडियो बनाए

गुरुवार को ही एक और पुरुष को नाबालिग से संबंध बनाने के आरोप में 100 कोड़े मारे गए। उसे 75 महीने जेल में भी रहना होगा। बहरहाल, गुरुवार को जब पुरुष और महिला को कोड़े मारने की सजा दी गई तो वहां सैकड़ों लोग मौजूद थे। इन्होंने घटना के फोटो लिए और वीडियो भी बनाए। बाद में इन्हें वायरल कर दिया गया।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER